उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने वाराणसी से एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जिसके ऊपर दादरा और नगर हवेली के सिलवासा में अपनी पत्नी की हत्या करके उसके शव सूटकेस में बंद कर के फरार होने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, युवक-युवती ने लव मैरिज की थी लेकिन युवक के घरवाले युवती को बहू मानने को तैयार नहीं थे। इसी कारण हुए विवाद के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और शव को सूटकेस में बंद कर के फरार हो गया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, सिलवासा थाने में बीते तीन अगस्त को सूटकेस में बंद एक शव मिला था। इस शव को प्लास्टिक से कवर करके सूटकेस में बंद किया गया था। शव करीब दो महीने पुराना था। दरअसल, दादरा और नगर हवेली के इस घर मे ऋषभ कुमार सिंह नाम का शख्स अपनी पत्नी छोटी उपाध्याय के साथ किराए के मकान में रहता था। मकान मालिक ने जब 3 अगस्त को घर का ताला तोड़ा तो अंदर बंद सूटकेस में शव मिला। पुलिस ने इस मामले में ऋषभ के खिलाफ मुकदमा लिखा। जांच में ऋषभ की लोकेशन वाराणसी आ रही थी। इसके बाद सिलवासा पुलिस ने यूपी STF की मदद मांगी और फिर STF ने दादर नगर हवेली से करीब 1500 किलोमीटर दूर ऋषभ कुमार सिंह को वाराणसी से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने क्या बताया?
सामने आई जानकारी के अनुसार, आरोपी ऋषभ बिहार का रहने वाला है। पूछताछ में ऋषभ ने बताया है कि उसने बिहार के नवादा की रहने वाली छोटी उपाध्याय से लव मैरिज की और दादर नगर हवेली में किराए के घर मे रहने लगा। ऋषभ यहां नौकरी करता था। ऋषभ के घरवाले छोटी को अपनी बहू मानने को तैयार नहीं थे। छोटी और ऋषभ में इस बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। इसके बाद ऋषभ ने 9 जून को किराए के मकान में अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसने छोटी के शव को प्लास्टिक में डालकर सूटकेस में बंद कर दिया जिससे बदबू बाहर न जाये। करीब दो महीने बाद मकान मालिक ने किसी और को किराए पर देने के लिए घर खोला तो वहां छोटी का शव सूटकेस में बंद मिला। आपको बता दें कि यूपी के अमरोहा में अपराध की हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
वाराणसी में नौकरी कर रहा था आरोपी
जानकारी के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद ऋषभ वाराणसी में नौकरी कर रहा था जहां से UP STF ने उसे गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी ऋषभ को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, वाराणसी के न्यायालय में प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है। सिलवासा पुलिस द्वारा इस मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बेटे की चाहत, 5 लाख का लालच और बच्चा चोरी की साजिश, बिजली विभाग का SDO निकला मास्टरमाइंड
अलीगढ़ में कुत्ते को मारी गोली, विरोध करने वाले युवक पर भी फायरिंग