1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मथुरा: असली बोतल में नकली कोल्डड्रिंक, खाद्य विभाग ने मारा छापा, 5 हजार से अधिक बोतलें जब्त, भेजे गए सैंपल

मथुरा: असली बोतल में नकली कोल्डड्रिंक, खाद्य विभाग ने मारा छापा, 5 हजार से अधिक बोतलें जब्त, भेजे गए सैंपल

 Published : Dec 02, 2025 07:34 pm IST,  Updated : Dec 02, 2025 07:39 pm IST

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम को शहर में नकली कोल्डड्रिंक बेचे जाने की शिकायत मिली हुई थी। इसके बात खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारकर बड़ी संख्या में बोतलों को जब्त किया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FREEPIK

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पेप्सिको इंडिया कंपनी की शिकायत पर खाद्य विभाग ने तीन थोक विक्रेताओं के यहां छापेमारी की। इनके यहां से कोल्डड्रिंक की खाली बोतलों में नकली पेय भरकर बेचा जा रहा था। खाद्य विभाग की टीम ने 5 हजार से अधिक बोतलों को जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपों की जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए हैं। 

पेप्सिको इंडिया कंपनी ने की थी शिकायत

इस मामले की अधिक जानकारी देते हुए सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पेप्सिको इंडिया कंपनी की ओर से शिकायत मिली थी कि उनके स्थापित ब्रांड के कोल्डड्रिंक की खाली बोतलों में नकली शीतल पेय भरकर बेचे जा रहे हैं। इस मामले में थाना हाईवे में केस दर्ज किया गया है। 

5190 नकली बोतलें की गईं जब्त

खाद्य विभाग के अधिकारी सिंह ने कहा कि इस शिकायत के आधार पर मंगलवार को कृषि मण्डी समिति के समीप स्थित लोकेश ट्रेडर्स, एमएस ट्रेडर्स एवं पवन ट्रेडर्स के यहां निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि इस दौरान तीनों व्यापारियों के यहां से माउंटेन ड्यू (कार्बोनेटेड वॉटर) की 400 मिली की क्रमश: 84 पेटी, 16 व 73 पेटी (कुल 5190 बोतल) नकली कोल्डड्रिंक का भण्डारण एवं बेचते हुए पाया गया। सभी को जब्त कर लिया गया।

जांच के लिए लखनऊ भेजे गए सैंपल

सभी पेटियों को जब्त कर तीनों फर्मों से कुल तीन नमूने लेकर जांच के लिये भेजे गए हैं। बोतलों का आकार अलग था और क्यूआर कोड नकली थे। तीनों दुकानों से नमूने लेकर पेटियों को सील कर दिया गया है। ये सभी नमूने लखनऊ स्थित फॉरेंसिक लैब को जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के दौरान अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।