1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सुप्रीम कोर्ट के 2 वकीलों की दिनदहाड़े किडनैपिंग, कोठी में बंद कर 40 ने की मारपीट, जबरन कागज में लगवाया अंगूठा-VIDEO

सुप्रीम कोर्ट के 2 वकीलों की दिनदहाड़े किडनैपिंग, कोठी में बंद कर 40 ने की मारपीट, जबरन कागज में लगवाया अंगूठा-VIDEO

 Published : May 10, 2026 10:14 pm IST,  Updated : May 10, 2026 10:30 pm IST

सुप्रीम कोर्ट के वकीलों को पुलिस की टीम ने बंधक बनाए जाने के बाद से आरोपियों के चंगुल से छुटाया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।

पुलिस ने वकीलों को कराया मुक्त- India TV Hindi
पुलिस ने वकीलों को कराया मुक्त Image Source : REPORTER INPUT

मथुरा के बरसाना क्षेत्र में रविवार को दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पूर्व चेयरमैन और उद्योगपति पर सुप्रीम कोर्ट के वकील को बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद वकील को मुक्त कराया है।

3-4 गाड़ियों में सवार लोगों ने की किडनैपिंग

जानकारी के अनुसार, छाता रोड निवासी पेट्रोल पंप संचालक एवं सुप्रीम कोर्ट के वकील दिवाकर शर्मा रविवार दोपहर बरसाना से कोसी की ओर जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान 3 से 4 गाड़ियों में सवार लोगों ने उनकी कार को रोक लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। बाद में उन्हें पूर्व चेयरमैन बलराज के आवास पर ले जाया गया।

अपहरण कर कोठी में बंधक बनाया

दिवाकर शर्मा ने आरोप लगाया कि पूर्व चेयरमैन बलराज के बेटे गोपाल और उसके साथियों ने उनका अपहरण कर उन्हें कोठी में बंधक बनाया। उन्होंने बताया कि वहां मौजूद करीब 40 लोगों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उन्हें रिवॉल्वर दिखाकर धमकाया गया और एक कोरे कागज पर जबरन अंगूठा लगवाया गया।

दिवाकर शर्मा के फाड़ दिए गए कपड़े

घटना की सूचना मिलते ही बरसाना और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने पूर्व चेयरमैन की कोठी को चारों ओर से घेर लिया और विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो भी बनाए, जिनमें दिवाकर शर्मा के फटे कपड़े दिखाई दे रहे हैं और वह मदद की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं।

पुलिस ने 30 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया

सूचना पर थाना बरसाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कोठी के अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों द्वारा गेट नहीं खोला गया। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस अंदर पहुंची और वकील को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस ने मौके से 30 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया तथा लाठी-डंडे भी बरामद किए। हालांकि, कई आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुराने झगड़े से जुड़ा है मामला

बताया जा रहा है कि पूरा विवाद जमीन और रास्ते को लेकर चल रहे पुराने झगड़े से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, दिवाकर शर्मा ने अपने पेट्रोल पंप के पास से बलराज की जमीन के लिए रास्ता दिया था, जिसे लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।

मथुरा से मोहन श्याम की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।