1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: मथुरा में भीषण अग्निकांड, धू-धू कर जला ट्रक; करीब 30 मीटर तक उठीं आग की लपटें

VIDEO: मथुरा में भीषण अग्निकांड, धू-धू कर जला ट्रक; करीब 30 मीटर तक उठीं आग की लपटें

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Apr 02, 2026 05:01 pm IST,  Updated : Apr 02, 2026 05:01 pm IST

Mathura Truck Fire Video: चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रक लंबे समय से अद्धा चौकी के सामने खड़ा था। अचानक उसमें आग लगने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानें कैसे आग पर काबू पाया गया।

mathura truck fire video- India TV Hindi
मथुरा में एक ट्रक में आग लग गई है। Image Source : REPORTERS INPUT

Vrindavan Truck Fire Incident: यूपी में मथुरा-वृंदावन मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया, जब अद्धा चौकी के सामने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रक धू-धू कर जलने लगा। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वीडियो में आग की लपटें हवा में करीब 30 मीटर तक ऊंची दिखाई दीं।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही वृंदावन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए दमकल विभाग को सूचित किया। इस सूचना पर फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

अद्धा चौकी के सामने खड़ा था ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार, जलने वाला ट्रक साल 2014 के एक पुलिस मुठभेड़ के मामले में मुकदमे की संपत्ति के रूप में दाखिल था। यह काफी समय से वृंदावन कोतवाली की अद्धा चौकी के सामने खड़ा था। गनीमत यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली रही है। यहां अचानक ट्रक से धुआं उठता दिखा और फिर आग भयानक हो गई थी। लेकिन समय पर दमकल की टीम ने पहुंचकर बड़ा हादसा टाल दिया।

राहगीरों ने पुलिस को दी थी सूचना

मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि राहगीरों के शोर मचाने के बाद पुलिस चौकी को खबर की गई। जिसके बाद पुलिस ने फायर बिग्रेड की टीम को बुलाया, जिसके बाद आग पर काबू पा गया। गनीमत रही कि आग को तुरंत बुझा लिया गया, वरना पीछे जंगल में भी आग फैल सकती थी।

(इनपुट- विपिन सारस्वत)

ये भी पढ़ें- लखनऊ में बुलडोजर से जमींदोज की गई मस्जिद, रात में भारी सुरक्षा के बीच किया गया ध्वस्त

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।