1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ जेल में दामिनी की पहली रात बेचैनी में गुजरी, बेटे से मिलने की लगाती रही गुहार

मेरठ जेल में दामिनी की पहली रात बेचैनी में गुजरी, बेटे से मिलने की लगाती रही गुहार

 Reported By: Hima Agarwal Written By: Niraj Kumar
 Published : Jul 20, 2026 11:51 pm IST,  Updated : Jul 21, 2026 07:37 am IST

पति अतुल पंवार की कथित तौर पर जहरीले सांप से डसवाकर हत्या कराने की आरोपी दामिनी की जेल में पहली रात बेचैनी और भावुकता के बीच गुजरी। उसने खाना खाने से इनकार कर दिया और पूरी रात अपने बेटे की चिंता में जागती रही।

Damini and muskar- India TV Hindi
दामिनी और मुस्कान Image Source : REPORTER INPUT

मेरठ में पति अतुल पंवार को सर्पदंश देकर हत्या की आरोपी पत्नी दामिनी न्यायिक हिरासत में जेल भेजी गई है। जेल में बंद दामिनी की पहली रात बेचैनी और खामोशी में गुजरी। जेल प्रशासन के मुताबिक वह बैरक में  काफी देर तक गुमसुम बैठी रही। उसने खाना भी नही खाया, बस उसकी आंख में आंसू थे और अपने बेटे से मिलने की आरजू। सोमवार को उसने जेल कर्मियों से बार-बार एक बात कही कि सिर्फ एक बार उसे बेटे से मिलवा दें। वहीं दामिनी की आज जेल में बंद मुस्कान से मुलाकात भी हुई है, दोनों ने एक दूसरे को अपना परिचय दिया है।

बैरक संख्या 12 A में रखा गया

मेरठ जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने मीडिया को बताया कि दामिनी की सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला बैरक संख्या 12 A में रखा गया। रविवार में दोपहर तक उसने किसी से बातचीत करने में रुचि नहीं दिखाई, खामोश बैठकर या बीच-बीच में बैठकर  भावुक होकर रो पड़ती थी।

बेटे की चिंता में उसे रातभर नींद नहीं आई

जेल अधिकारियों ने बताया कि जेल में आने के बाद पहले दिन उसने भोजन करने से भी इनकार कर दिया। रात का खाना उसके सामने रखा गया, लेकिन उसने उसे नहीं खाया। बैरक में मौजूद महिला बंदियों ने जेलकर्मियों को बताया कि पूरी रात वह बिस्तर पर करवट बदलती रही, ज्यादा बेचैन होने पर चुपचाप उठकर टहलने लगती और फिर चुपचाप बिस्तर में बैठ जाती। बेटे की चिंता में उसे रातभर नींद नहीं आई।

महिला बंदियों से दूरी 

हालांकि, सोमवार सुबह दामिनी के व्यवहार में कुछ बदलाव दिखाई दिया। उसने सुबह का नाश्ता और दोपहर का भोजन भी किया, लेकिन अब भी वह महिला बंदियों से दूरी बनाए हुए है, शांत रहकर बहुत कम बोलने का प्रयास कर रही है। जेल प्रशासन इस समय उसकी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है, साथ ही उसकी मानसिक स्थिति को भी समझ रहा है।

बेटे से मिलने की इच्छा जताई

दामिनी ने सिर्फ अपने बेटे से मिलने की इच्छा जताई है, लेकिन जेल में बंद प्रेमी तुषार से मिलने की बात अभी तक नहीं की है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने कहा कि ऐसा कोई अनुरोध उनके सामने नहीं आया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि ऐसा अनुरोध आता भी, तो मुलाकात जेल नियमावली के अनुसार ही संभव होगी।

बताया जा रहा है कि दामिनी ने जेल में लाइब्रेरी में काम करने की इच्छा प्रकट की है और साथ ही धार्मिक पुस्तक रामायण और सुंदरकांड का पाठ करने की इच्छा भी जाहिर की है। जेल प्रशासन नियमानुसार इस संबंध में उपलब्ध व्यवस्था पर विचार कर रहा है। वही प्रेमी तुषार ने पूछा कि उसके घर से कोई मिलने आया है क्या? साथ ही यह जाना कि मिलने की प्रक्रिया क्या है। 

प्रेमी के साथ मिलकर पति अतुल पंवार की हत्या का आरोप

गौरतलब है कि दामिनी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति अतुल पंवार की हत्या का आरोप है। उसने और प्रेमी तुषार द्वारा दो सपेरों की मदद से अतुल को जहरीले सांप से डंसवाया था। जिस सांप से सर्पदंश दिया गया वह साइलेंट किलर की तरह काम करता है, दर्द और सूजन का आभास नहीं हो पाता है। फिलहाल दामिनी और उसका कथित प्रेमी समेत दोनों सपेरे मेरठ जेल में अदालत के आदेश पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बंद है। 

मेरठ जेल में इससे पहले भी पति को रास्ते से हटाने के मामले में  5 महिलाएं जेल में बंद है। अब छठी महिला आरोपी दामिनी के जेल पहुंच गई है। जेल में बंद मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल की मदद से पति सौरव की हत्या कर दी थी और उसके बाद शव के टुकड़े करके नीले ड्रम में सीमेंट भर कर पैक किया था, यह मर्डर देश-विदेश की सुर्खियां बना था। अब इसी जेल में दामिनी भी प्रेमी तुषार के साथ बंद है। जेल अधीक्षक के मुताबिक खाना लेने के दौरान मुस्कान से दामिनी का परिचय हुआ है, जब खाना दिया जाता है तो बंदी का नाम पुकारा जाता है। इस तरह मुस्कान और.दामिनी एक दूसरे से परिचित हुए और बातचीत की। उसके बाद  यह मामला एक बार फिर प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच जारी है और आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत द्वारा सुनवाई के बाद ही होगा।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में 11वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।