Mirzapur Fake Police Officer Arrest: यूपी के मिर्जापुर में आज (बुधवार को) एक अजीब घटना हुई है। पुलिस ने एक ऐसे फर्जी दरोगा को पकड़ा जो महिला थाने में चार्ज लेने के लिए आने का दावा कर रहा था। दरअसल, कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहे एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि पर जब कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों की नजर पड़ी तो वे उससे पूछताछ करने लगे। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर और उसकी ओर से संतोषजनक जवाब न मिलने पर लोगों ने शहर कोतवाली पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया।
पुलिस ने पकड़ा फर्जी दरोगा
संदिग्ध व्यक्ति खुद को पुलिस की वर्दी पहनकर पुलिस अधिकारी दिखाने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलने पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस संदिग्ध को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवकुमार पाल और पता प्रयागराज बताया। उसने दावा किया कि वह महिला थाना में ड्यूटी करने आया था, लेकिन अपनी नियुक्ति संबंधित कोई दस्तावेज पुलिस के सामने पेश नहीं कर सका। पुलिस हर एंगल से संदिग्ध व्यक्ति की जांच कर रही है।
कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास घूम रहा था फर्जी दरोगा
मिर्जापुर के पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, थाना कोतवाली शहर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति फर्जी दरोगा बनकर थाना कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस की तरफ से त्वरित कार्रवाई करते हुए सपा कार्यालय गेट कचहरी से एक आरोपी शिवकुमार पाल पुत्र नागेन्द्र पाल निवासी ग्राम करछना, थाना करछना जिला प्रयागराज को गिरफ्तार किया गया।
कोर्ट ने फर्जी दरोगा को जेल भेजा
गिरफ्तार आरोपी शिवकुमार पाल के खिलाफ थाना कोतवाली शहर पुलिस ने BNS की धारा 205 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट के सामने पेश किया गया और अदालत ने उसे जेल भेज दिया।
वर्दी पहनने और बोलने के तरीके पर हुआ शक
घटना के वीडियो में दिख रहा है कि फर्जी दरोगा बने शख्स की दाढ़ी तक नहीं बनी हुई थी। उसके बाल भी अजीब तरह से कटे हुए थे। इसके साथ ही उसके बोलने का तरीका भी पुलिसकर्मी जैसा नहीं लग रहा था। तभी लोगों को शक हुआ और उन्होंने उसे पुलिस को सौंप दिया।
(इनपुट- मेराज खान)
ये भी पढ़ें- बाराबंकी में लेखपाल-वकीलों में बवाल के बीच किसी ने SDM की गाड़ी पर थूका पान, छीछालेदर का वीडियो आया सामने