1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मुस्लिम समाज ने पेश की सौहार्द की मिसाल, कांवड़ यात्रा को लेकर जारी की 11 सूत्रीय गाइडलाइन

मुस्लिम समाज ने पेश की सौहार्द की मिसाल, कांवड़ यात्रा को लेकर जारी की 11 सूत्रीय गाइडलाइन

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 06, 2026 10:33 am IST,  Updated : Aug 06, 2026 10:34 am IST

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने के लिए मुस्लिम समाज ने पहल करते हुए 11 सूत्रीय जनहित अपील जारी की है।

Muzaffarnagar- India TV Hindi
मुस्लिम समाज ने पेश की सौहार्द की मिसाल Image Source : REPORTER INPUT

सावन महीने में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्त मुजफ्फरनगर जिले से होकर गुजर रहे हैं। ऐसे में मुजफ्फरनगर में मुस्लिम समाज ने सामाजिक सौहार्द और आपसी सहयोग का संदेश देते हुए एक सराहनीय पहल की है। शहर के प्रमुख मुस्लिम धर्मगुरुओं और समाज के जिम्मेदार लोगों ने बैठक कर लोगों से शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। साथ ही जनहित में 11 महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। 

5 अगस्त की शाम आयोजित बैठक में शाह लाइब्रेरी के संस्थापक मौलाना कारी खालिद हुसैन ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा पर्व है और इस दौरान हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह श्रद्धालुओं का सम्मान करे और प्रशासन का सहयोग करे। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज कांवड़ यात्रियों का दिल से स्वागत करता है और यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए हर संभव सहयोग देने को तैयार है।

11 सूत्रीय गाइडलाइन

बैठक में मौजूद लोगों ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुस्लिम समाज के लोग पूरी जिम्मेदारी के साथ प्रशासन का सहयोग करेंगे। इसी उद्देश्य से फलाह इंसानियत सोसाइटी की ओर से 11 सूत्रीय गाइडलाइन जारी की गई है, जिसे मुस्लिम बहुल इलाकों और कई धार्मिक स्थलों के बाहर भी लगाया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन दिशा-निर्देशों का पालन कर सकें। जारी अपील में लोगों से कांवड़ मार्गों को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने, अनावश्यक रूप से यात्रा मार्गों पर आवाजाही से बचने और दोपहिया व चारपहिया वाहनों के लिए प्रशासन द्वारा तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लेने और तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

अफवाहों से दूर रहने की सलाह

इसके अलावा सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली पोस्ट न करने, अफवाहों से दूर रहने, किसी भी भ्रामक जानकारी को साझा न करने और असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने का भी संदेश दिया गया है। मुस्लिम समाज ने प्रशासन द्वारा किए जा रहे सुरक्षा और यातायात प्रबंधों में पूरा सहयोग देने की भी अपील की है। बैठक के अंत में कहा गया कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते सभी की यह साझा जिम्मेदारी है कि शहर और जिले में शांति, कानून व्यवस्था, आपसी प्रेम, धार्मिक सद्भाव और भाईचारे का माहौल बनाए रखें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

(रिपोर्ट: योगेश त्यागी)

यह भी पढ़ें:

मेरठ में कांवड़ियों के दो गुट आपस में भिड़े, पुलिस के सामने जिप्सी से निकालकर लाठी-डंडों से पीटा

बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा कर पाएंगी तमन्ना मलिक? संभल प्रशासन सख्त, जारी किया नोटिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।