1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पत्नी से प्रेम प्रसंग में पति की हत्या करने वाला हत्यारोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, गंडासा और तमंचा बरामद

पत्नी से प्रेम प्रसंग में पति की हत्या करने वाला हत्यारोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, गंडासा और तमंचा बरामद

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 09, 2026 02:30 pm IST,  Updated : Aug 09, 2026 02:32 pm IST

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में तालिब हत्याकांड के आरोपी हासिम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, हासिम का तालिब की पत्नी मीना से कथित प्रेम प्रसंग था।

crime- India TV Hindi
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी हासिम गिरफ्तार Image Source : INDIA TV

मुजफ्फरनगर में प्रेम प्रसंग को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुढ़ाना क्षेत्र में दिनदहाड़े युवक की हत्या कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल गंडासा और एक तमंचा भी बरामद किया है।

मामला बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र का है, जहां एक दिन पहले तालिब नाम के युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। वारदात इतनी बेखौफ तरीके से अंजाम दी गई कि पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में टीमें लगा दीं।

मुजफ्फरनगर में प्रेम प्रसंग का खूनी अंजाम

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हासिम का मृतक तालिब की पत्नी मीना से कथित प्रेम संबंध था। आरोप है कि इसी रिश्ते के चलते हासिम ने तालिब को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और मौका मिलते ही धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी हासिम के साथ मृतक की पत्नी मीना को भी नामजद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कैसे रची गई और वारदात में महिला की क्या भूमिका थी।

लुहसाना रोड पर पुलिस से हुई मुठभेड़

हत्या के बाद आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को सूचना मिली कि हासिम लुहसाना रोड के रास्ते भागने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया गंडासा और एक तमंचा बरामद किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि एक दिन पहले हुई हत्या के मामले में वांछित आरोपी हासिम को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपी घायल है और उसका उपचार कराया जा रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

(रिपोर्ट: योगेश त्यागी)

यह भी पढ़ें:

बुलंदशहर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल

मामूली बहस के बाद अस्पताल में ही भिड़े पति-पत्नी, एक-दूसरे को गिरा-गिराकर मारा; वीडियो वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।