मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार (24 सितंबर) को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की वरुण विहार और नैमिष नगर योजना का भूमि पूजन करेंगे। करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली इन दोनों योजनाओं का क्षेत्रफल लगभग 10,680 एकड़ होगा। कार्यक्रम के दौरान योजनाओं के तहत भूखंडों के पंजीकरण का भी शुभारंभ किया जाएगा।
आवासीय और शहरी विकास को बढ़ावा देने की योजना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में आगरा एक्सप्रेसवे के निकट ग्राम दोना में आयोजित कार्यक्रम में इन महत्वाकांक्षी आवासीय योजनाओं की शुरुआत करेंगे। इन परियोजनाओं के जरिए लखनऊ में बड़े पैमाने पर आवासीय और शहरी विकास को बढ़ावा देने की योजना है।
सीएम योगी आवासीय अपार्टमेंट का भी करेंगे शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 2,166 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित पांच बहुमंजिला आवासीय अपार्टमेंट का भी शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं को लखनऊ में आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
डॉक्टर सुधांशु त्रिवेदी समेत ये लोग रहेंगे मौजूद
भूमि पूजन कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉक्टर सुधांशु त्रिवेदी, बृजलाल और संजय सेठ, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र कुमार सिंह, मुकेश शर्मा, डॉ. लाल जी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह और सन्तोष सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा विधायक डॉक्टर नीरज बोरा, जया देवी, डॉ. राजेश्वर सिंह, ओपी श्रीवास्तव, योगेश शुक्ला और अमरेश कुमार सहित अन्य नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
अनुमानित लागत लगभग 12 हजार करोड़ रुपये
वरुण विहार और नैमिष नगर योजना के तहत बड़े क्षेत्र में आवासीय विकास की योजना है। करीब 10,680 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित परियोजनाओं की अनुमानित लागत लगभग 12 हजार करोड़ रुपये बताई गई है। भूमि पूजन के साथ भूखंडों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू होने से इन योजनाओं को लेकर लोगों की रुचि बढ़ने की उम्मीद है।
सीएम योगी ने भारत टैक्सी, कृषि ऋण योजना शुरू की
बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत टैक्सी सेवा और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू की जिसके तहत छोटे एवं सीमांत किसानों को 6 प्रतिशत की ब्याज दर पर दीर्घकालीन ऋण मिलेगा। देश के पहले सहकारिता आधारित प्लेटफॉर्म भारत टैक्सी का परिचालन सहकार टैक्सी सहकारिता लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें:
"बुलडोजर कार्रवाई में हुए नुकसान की भरपाई करेंगे", अखिलेश यादव का बड़ा दावा