मुजफ्फरनगर में मंगलवार रात मोहर्रम के सातवें दिन का पारंपरिक जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। इस दौरान शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। खास तौर पर शिव चौक, जिसे हिंदू आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है, वहां प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए पूरे क्षेत्र को लाल कपड़े से ढंकवाया और चारों ओर बैरिकेडिंग कराई। इस तरह मोहर्रम का जुलूस बिना किसी अप्रिय घटना के सम्पन्न हो गया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
मोती महल से शुरू हुआ यह जुलूस खालापार होते हुए अपने निर्धारित मार्ग से शिव चौक पहुंचा और फिर आगे बढ़ गया। जुलूस में मुस्लिम समुदाय के बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। पूरे मार्ग पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की नजर बनी रही ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। जुलूस के दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहे। भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए अधिकारियों ने पूरे रूट की निगरानी की। संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई थी।
आस्था और सुरक्षा दोनों का रखा गया ध्यान
प्रशासन की ओर से शिव चौक पर खास इंतजाम किए थे। चौक को लाल कपड़े से कवर करने के साथ बैरिकेडिंग की गई, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति या अफवाह को रोका जा सके। साथ ही यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित रखा गया ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि मोहर्रम के सातवें दिन का यह जुलूस शहर के प्रमुख जुलूसों में शामिल है, जो मोती महल से शुरू होकर खालापार के रास्ते वापस अपने गंतव्य तक पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई और पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि जुलूस बिना किसी व्यवधान के अपने निर्धारित मार्ग से गुजर गया और अब आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही हैं। मुजफ्फरनगर में प्रशासन की सतर्कता और दोनों समुदायों के सहयोग के चलते मोहर्रम का यह जुलूस शांतिपूर्ण तरीक से संपन्न हुआ।
(रिपोर्ट: योगेश त्यागी)
यह भी पढ़ें:
सोनभद्र में नाले की झाड़ियों से मिला नर कंकाल, इलाके में दहशत; जांच में जुटी पुलिस
बेटी की डोली उठने के अगले दिन उठी पिता की अर्थी, शादी वाले घर में पसरा मातम