1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Video: पूर्व मंत्री के बेटे ने मां-बेटी से की छेड़छाड़, पुलिस ने सिखाया सबक, हाथ जोड़कर मांग रहा माफी

Video: पूर्व मंत्री के बेटे ने मां-बेटी से की छेड़छाड़, पुलिस ने सिखाया सबक, हाथ जोड़कर मांग रहा माफी

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 19, 2026 10:04 am IST,  Updated : Apr 19, 2026 10:05 am IST

पुलिस ने आरोपी को जेल के अंदर बंद कर दिया है। दोनों के हाथ जोड़कर माफी मांगने का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Muzaffarnagar- India TV Hindi
जेल में बंद आरोपी Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मां-बेटी से छेड़छाड़ के सनसनीखेज मामले ने सियासी और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। नई मंडी क्षेत्र के रेलवे रोड पर स्कूटी सवार दो युवकों ने मां-बेटी से छेड़छाड़ और अभद्रता की थी। इसपर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों को कुछ ही घंटों में सीसीटीवी की मदद से पकड़ लिया। हैरानी की बात ये है कि मुख्य आरोपी की पहचान बीजेपी नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुधीर बालियान के बेटे आर्यमान रघुवंशी के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि नशे में धुत दोनों युवक स्कूटी पर सवार होकर सड़क पर महिलाओं और लड़कियों से अभद्रता कर रहे थे। इसी दौरान पीड़ित युवती से भी इन्होंने छेड़छाड़ की, जिसका उसने वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मनचले आर्यमान रघुवंशी और उसके साथी शौर्य गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही इनकी स्कूटी को सीज कर लिया गया है।

आरोपियों से पूछताछ जारी

पुलिस का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। आरोपी कोई भी हो उसपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर स्कूटी सीज कर दी है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी ने यह भी संदेश दिया है कि वायरल सबूत के दौर में रसूख भी कानून से ऊपर नहीं। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की परतें खोलने में जुटी है।

1991 में मंत्री बने थे बालियान

पुलिस अधीक्षक (नगर) अमृत जैन ने शनिवार को बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जैन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। उन्होंने कहा कि पीड़िता के भाई की तहरीर के अनुसार, दोनों आरोपियों ने शराब के नशे में स्कूटी पर सवार होकर नयी मंडी क्षेत्र में उसकी बहन से छेड़छाड़ की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि सुधीर कुमार बालियान वर्ष 1991 में भाजपा के टिकट पर जिले की खतौली विधानसभा सीट से चुनाव जीते थे और उन्हें कल्याण सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में सहकारिता मंत्री बनाया गया था।

(मुजफ्फरनगर से योगेश त्यागी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

गुजरात: धंधुका में युवक की हत्या के बाद भारी तनाव, दो समुदायों के बीच झड़प, शहर में आगजनी और पुलिस का कड़ा पहरा

मैहर: स्कूली छात्रा का अपहरण कर रातभर गैंगरेप करते रहे दरिंदे, अगली सुबह तीनों पुलिस को बंद मकान में मिले

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।