संभल: यूपी के संभल जिले में एक नई पुलिस चौकी का उद्घाटन किया गया। खास बात यह है कि इस पुलिस चौकी में उन पत्थरों और ईंटों का भी इस्तेमाल किया गया है, जो संभल में हिंसा के दौरान पत्थरबाजों ने पुलिस पर फेंकी थी। जिले के दीपा सराय इलाके में शुक्रवार को नई पुलिस चौकी का उद्घाटन किया गया। बता दें कि पिछले साल शाही जामा मस्जिद के पास हुई हिंसा के दौरान कथित तौर पर पुलिस पर फेंके गए थे। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आठ साल की मुस्लिम लड़की जुनैरा फैसल ने औपचारिक तौर पर पुलिस चौकी का उद्घाटन किया।
पुलिस चौकी में लगीं हिंसा के दौरान की ईंटें
संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने कहा, “24 नवंबर की हिंसा के बाद, हमने इलाके की जांच की और पुलिस चौकी बनाने का फैसला किया। पुलिस वालों पर हमला करने और उन्हें घायल करने के लिए इस्तेमाल किए गए पत्थरों की 15 ट्रॉलियां चौकी के निर्माण में इस्तेमाल की गई हैं।” बता दें कि 24 नवंबर 2024 को, मुगल-काल की जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान संभल के कोट गरवी इलाके में हिंसा भड़क गई थी। इस घटना में गोली लगने से चार लोगों की मौत हो गई थी जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
37 पुलिस चौकियों का होना है निर्माण
एसपी ने कहा कि इलाके में कई आदतन अपराधियों का रिकॉर्ड खोला गया, उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए गए हैं, और आतंकी गतिविधियों से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ आतंकवाद रोधी दस्ता (एटीएस) की मदद से कार्रवाई जारी है। वहीं संभल के जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने कहा कि संभल में 37 पुलिस चौकियों का निर्माण किया जाना है, जिनमें से कई का निर्माण पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि आज दीपा सराय पुलिस चौकी का निर्माण पूर्ण हुआ है। पेंसिया ने कहा कि दीपा सराय जिले के “सबसे संवेदनशील इलाकों” में से एक है। उन्होंने कहा, “इस चौकी से पुलिस सुरक्षा मजबूत होगी।”
यह भी पढ़ें-
क्या लोगों को उकसा कर ममता बनर्जी ने चुपचाप भर दिया SIR फॉर्म? BJP ने CM पर लगाए गंभीर आरोप
पिकअप ने रिवर्स गियर में राहगीर को कुचला, हुई मौत; सामने आया CCTV फुटेज