उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक भीषण सड़क दुर्घटना में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के डिप्टी एसपी (DSP) ईशान मेहरा की मौत हो गई। वहीं, उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार उनकी एक महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शनिवार देर रात की है।
कंटेनर में पीछे से घुसी बाइक
जानकारी के अनुसार, दिल्ली स्थित NIA मुख्यालय में तैनात डिप्टी एसपी ईशान मेहरा देर रात अपनी बाइक से बाजपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुरादाबाद के थाना कटघर क्षेत्र में अचानक उनकी बाइक आगे चल रहे एक कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईशान मेहरा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथ बैठी महिला मित्र गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
अस्पताल में भर्ती महिला मित्र
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए घायल महिला को गंभीर हालत में अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने ईशान मेहरा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
घटना की जानकारी मृतक के परिजनों और एनआईए मुख्यालय को दे दी गई है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगना माना जा रहा है। ईशान मेहरा पंजाब के मोहाली के रहने वाले थे।
(रिपोर्ट- राजीव शर्मा)
ये भी पढ़ें-
TMC के पूर्व विधायक खोकन दास प्रयागराज से गिरफ्तार, वसूली समेत कई गंभीर आरोप
चुनाव आयोग का ऐलान- इन 4 राज्यों में तीसरे फेज का SIR शुरू, ऐसे जुड़ेगा वोटर लिस्ट में नाम