1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 10 साल पहले खोये बच्चे को नोएडा पुलिस ने परिवार से मिलाया, खुशी से छलक पड़े आंसू, देखें तस्वीरें

10 साल पहले खोये बच्चे को नोएडा पुलिस ने परिवार से मिलाया, खुशी से छलक पड़े आंसू, देखें तस्वीरें

 Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 11, 2025 09:30 pm IST,  Updated : Jun 11, 2025 09:34 pm IST

10 साल पहले नोएडा से एक बच्चा अचानक गायब हो गया था। इस बच्चे को नोएडा पुलिस ने हरियाणा पुलिस की मदद से बरामद कर लिया और उसके परिवार से मिला दिया।

Noida Police- India TV Hindi
खोये बच्चे को नोएडा पुलिस ने परिवार से मिलाया Image Source : X/@VINDHYACHAL0007

नोएडा: नोएडा पुलिस ने हरियाणा पुलिस की मदद से एक 10 साल पहले खोए बच्चे को उसके परिवार से मिलाया है। पुलिस के इस काम की हर तरफ तारीफ हो रही है। दरअसल नोएडा के गेझा गांव से साल 2015 में एक 7 साल का बच्चा गायब हो गया था, जो अब 10 साल बाद सकुशल मिला है। थाना फेस-2 पुलिस और फरीदाबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की, जिससे बच्चा अपने परिवार से मिल सका। बच्चे को फरीदाबाद में एक अपहरण केस में गिरफ्तार आरोपी मंगल कुमार के पास से बरामद किया गया।

इस मामले में पुलिस का बयान भी सामने आया है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से जारी बयान के मुताबिक, 'थाना फेस-2 पुलिस द्वारा हरियाणा पुलिस की मदद से 10 वर्ष पहले वर्ष 2015 में थाना नोएडा के गेझा मन्दिर के पास से लापता /अपह्रत बच्चे को सकुशल बरामद किया गया है।'

Noida Police
Image Source : X/@VINDHYACHAL0007नोएडा पुलिस ने हरियाणा पुलिस की मदद से बरामद किया बच्चा

क्या है पूरा मामला?

पुलिस ने बताया, '6 नवंबर 2015 को करीब 7 साल का एक बच्चा नोएडा के ग्राम गेझा, थाना फेस-2 क्षेत्र से खेलते समय लापता हो गया था। बालक की गुमशुदगी की सूचना 8 नवंबर 2015 को दी गई, जिस पर थाना फेस-2 में अभियोग पंजीकृत किया गया। लगातार कई वर्षों तक कोशिश के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला और 20 दिसम्बर 2022 को विवेचना के आधार पर अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।'

पुलिस ने बताया, 'इसके बाद 28 मई 2025 को थाना सूरजकुंड, फरीदाबाद (हरियाणा) में एक बालक के अपहरण की एफआईआर दर्ज हुई। 2 जून 2025 को सूरजकुंड पुलिस द्वारा अभियुक्त मंगल कुमार के कब्जे से अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया।'

पुलिस ने बताया, 'पूछताछ में मंगल कुमार ने यह जानकारी दी कि उसके पास एक और बच्चा वर्षों से है, जिसे नोएडा से लाया गया था, लेकिन उसका नाम अब बदल चुका है। सूरजकुंड पुलिस द्वारा ये जानकारी थाना फेस-2 पुलिस को दी गई, लेकिन बच्चे के बदले नाम के कारण पूर्व की किसी भी गुमशुदगी या अपहरण से उसका मिलान नहीं हो पाया। थाना फेस-2 पुलिस ने तत्परता से बच्चे को अपने थाने बुलाया और समझा-बुझाकर पूछताछ की गई। इसके बाद तमाम प्रक्रियाओं को पूरा करके इस बच्चे से जुड़े साक्ष्य मिले और बच्चे को उसके माता-पिता से मिलवाया गया।'

थाना फेस-2 पुलिस द्वारा खोए हुए बच्चे को 10 वर्षों बाद परिजनों से मिलवाने की इस कार्रवाई की हर तरफ चर्चा हो रही है।

पुलिस अधिकारी विन्ध्याचल तिवारी ने शेयर कीं फोटो

पुलिस अधिकारी विन्ध्याचल तिवारी ने अपने एक्स हैंडल पर बच्चे के साथ फोटो शेयर कीं और लिखा, '6/11/2015 को खोया हुआ बच्चा आज 10/06/2025 को लगभग दस वर्षों बाद अपने परिजनों से मिला। परिजनों की अभिव्यक्ति हृदय को छू लेने वाली थी और बच्चे की मुस्कान तो देखते ही बन रही थी।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।