दिल्ली एनसीआर से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में अपराध का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कमेंट करने को लेकर हुए एक विवाद में पहले युवक की पिटाई कर के उसी लहूलुहान कर दिया गया और फिर उसे थार से टक्कर मार दी गई है। थार की टक्कर इतनी जोरदार थी युवक हवा में उड़कर नाले में गिर गया। इस घटना का खौफनाक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। आइए जानते हैं इस पूरे मामले के बारे में।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, ये पूरी घटना थाना सेक्टर 24 इलाके के सेक्टर 53 में 2 जून को दोपहर 3 बजे की बताई जा रही है। घटना में घायल युवक सौरभ यादव सेक्टर 39 का रहने वाला है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कमेंट करने को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षो में मारपीट हुई जिसमें सौरभ यादव नाम का युवक लहूलुहान हो गया था। इसके बाद ही थार गाड़ी चालक ने उसे टक्कर मारी है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक तीन फीट तक उछलकर नाले में गिर गया।
पुलिस ने क्या बताया?
इस घटना को लेकर पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है। पुलिस के मुताबिक, आकाश, अमन, गौरव और कुणाल ने सौरभ यादव और उसके भाई के साथ मारपीट की थी और उसके बाद थार गाड़ी से टक्कर मार दी। सौरभ और उसका भाई दोनों प्रोपर्टी का कारोबार करते हैं। फिलहाल दोनों का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
वीडियो में क्या दिखा?
सोशल मीडिया पर इस पूरी वारदात का खौफनाक वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि थार गाड़ी से कुचलने की कोशिश से पहले आरोपियों ने पीड़ित सौरभ यादव के साथ मारपीट भी की थी। मौके पर सुमित यादव और सौरभ यादव दोनों साथ थे। दोनों के साथ मारपीट की गई और सौरभ यादव को थार से टक्कर मारी गयी।
ये भी पढ़ें- क्रिकेट मैच के दौरान बैट्समैन के सीने में लगी गेंद, अस्पताल में हो गई मौत, जानें पूरा मामला