1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: NRHM घोटाला मामले में एक्शन, विजिलेंस टीम ने पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव को किया गिरफ्तार; जानें पूरा मामला

UP: NRHM घोटाला मामले में एक्शन, विजिलेंस टीम ने पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव को किया गिरफ्तार; जानें पूरा मामला

 Reported By: Ruchi Kumar, Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 10, 2026 06:39 pm IST,  Updated : Jun 10, 2026 07:13 pm IST

बहराइच की पयागपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव को NRHM घोटाला मामले में विजिलेंस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। जानें मुकेश श्रीवास्तव पर क्या-क्या आरोप हैं।

NRHM घोटाले में पूर्व...- India TV Hindi
NRHM घोटाले में पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव गिरफ्तार। Image Source : REPORTERS INPUT

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के एनआरएचएम घोटाला मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। विजिलेंस टीम ने पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया है। विजिलेंस टीम ने एक मॉल से मुकेश श्रीवास्तव को हिरासत में लिया। इसके बाद, मेडिकल टेस्ट के लिए मुकेश श्रीवास्तव को सिविल अस्पताल ले जाया गया। विजिलेंस टीम, अब मुकेश श्रीवास्तव से पूछताछ करेगी और जांच में अन्य कई पहलुओं को सामने लाएगी।

मुकेश श्रीवास्तव पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप

बता दें कि मुकेश श्रीवास्तव पर साल 2014 से 2019 के बीच वित्तीय अनियमितताओं का आरोप है। उनके खिलाफ बिना काम कराए या आंशिक काम कराकर पूरा भुगतान लेने का मामला है। तत्कालीन सीएमओ समेत कई अधिकारी-कर्मचारी भी एनआरएचएम घोटाला मामले में आरोपी हैं। मुकेश श्रीवास्तव को इस मामले में मुख्य अभियुक्त बनाया गया है।

विजिलेंस की जांच में मिलीं कई गंभीर गड़बड़ियां

जान लें कि बलरामपुर में शिकायतों के बाद साल 2021 में जांच हुई। पड़ताल में कई गंभीर अनियमितताएं आने के बाद एफआईआर लिखी गई थी। शासन की अनुमति मिलने पर बलरामपुर में विजिलेंस ने मुकदमा दर्ज कराया था।

Mukesh Srivastava arrest news
Image Source : REPORTERS INPUTपूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव की क्राइम कुंडली।

पयागपुर सीट से विधायक रह चुके हैं मुकेश श्रीवास्तव

विजिलेंस टीम की तरफ से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि एनआरएचएम घोटाले के मुख्य अभियुक्त और सरगना मुकेश श्रीवास्तव उर्फ ज्ञानेंद्र प्रताप श्रीवास्तव को आय से अधिक सम्पत्ति के संबंध में गिरफ्तार किया गया। आरोपी मुकेश कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ की गई जांच में पाया गया कि अपनी विधायकी के कार्यकाल 2012 से 2017 के दौरान उन्होंने अपनी आय के वैध और ज्ञात स्रोतों से ज्यादा प्रॉपर्टी हासिल की। मुकेश श्रीवास्तव, समाजवादी पार्टी के टिकट पर 2012 में पयागपुर से चुनाव जीते थे।

श्रावस्ती, बलरामपुर और गोंडा में की गड़बड़ी

आरोपी मुकेश श्रीवास्तव के खिलाफ तीन अन्य मुकदमें भी दर्ज हैं, जिसमें गहन पूछताछ की गई है और सबूत जुटाए जा रहे हैं। मुकेश पर वित्तीय वर्ष 2017-18 से लेकर वर्ष 2021-22 के बीच श्रावस्ती और बलरामपुर में एनआरएचएम घोटाले से संबंधित मामले में व्यापक अनियमितता के आरोप पाए गए हैं। साथ ही, मुकेश श्रीवास्तव पर गोंडा में एनआरएचएम घोटाले से संबंधित मामले में व्यापक अनियमितता के आरोप भी हैं। इन तीनों आरोपों में अलग-अलग तीन केस दर्ज किए गए हैं।

ये भी पढ़ें- UP: पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट से हटे 1.41 नाम और जोड़े गए 1.81 करोड़ नए मतदाता, सूची में ऐसे चेक करें अपना नाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।