1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हुए सुहैल और शान, हत्या के आरोप में वॉन्टेड थे दोनों आरोपी

पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हुए सुहैल और शान, हत्या के आरोप में वॉन्टेड थे दोनों आरोपी

 Reported By: Abhay Parashar Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Dec 30, 2025 09:21 am IST,  Updated : Dec 30, 2025 09:24 am IST

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत मुठभेड़ में हत्या के 2 वॉन्टेड आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

Operation Langda, UP Police encounter, Ghaziabad police action- India TV Hindi
यूपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल एक बदमाश। Image Source : X.COM/GHAZIABADPOLICE

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए हत्या के मामले में वॉन्टेड 2 शातिर अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों को पैर में गोली लगी है और वे घायल हालत में पकड़े गए। इन दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, थाना अंकुर विहार पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन ने एक जॉइंट ऑपरेशन के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, देर रात दादी भोई मैरिज होम के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को एक मुखबिर से बदमाशों के बारे में सूचना मिली थी। आरोपियों की पहचान मन्नू उर्फ सुहैल और शान के रूप में हुई है।

'बदमाशों ने पुलिस टीम पर चलाई थी गोली'

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर ने बताया था कि डाबर तालाब क्षेत्र में हत्या करने वाले 2 बदमाश बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर रामलीला मैदान की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी। जब पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर गोली चलानी शुरू कर दी और भागने की कोशिश की। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में दोनों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

जानें कहां के रहने वाले थे सुहैल और शान

मन्नू उर्फ सुहैल थाना अंकुर विहार के अंतर्गत आने वाले बंगाली पीर डाबर तालाब का रहने वाला है जबकि शान थाना लेनी के प्रेमनगर का निवासी है। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल हुई पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, इन दोनों आरोपियों ने 11 दिसंबर 2025 को SLF वेद विहार क्षेत्र में शिवम उर्फ लालू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना अंकुर विहार पर पहले से मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त मन्नू उर्फ सुहैल एक हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर डेढ़ दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शान के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।