1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लुका-छिपी के खेल ने छीनी मासूम की जिंदगी, बेड के बॉक्स में बंद होने से 2 साल की बच्ची की मौत, परिवार में पसरा मातम

लुका-छिपी के खेल ने छीनी मासूम की जिंदगी, बेड के बॉक्स में बंद होने से 2 साल की बच्ची की मौत, परिवार में पसरा मातम

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Apr 06, 2026 08:04 am IST,  Updated : Apr 06, 2026 08:12 am IST

मासूम बच्ची लुका-छिपी के दौरान बेड के बॉक्स में छिप गई। वेंटिलेशन न होने की वजह से दम घुट गया और जान चली गई। मासूम की मौत के बाद से परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मासूम बच्ची की गई जान- India TV Hindi
मासूम बच्ची की गई जान Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दुर्गागंज जयरामपुर गांव में लुका-छिपी खेलते वक्त एक दो वर्षीय मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

बच्ची काफी देर तक नहीं आई बाहर

मिली जानकारी के अनुसार, जयरामपुर निवासी शाकिर राइन की दो वर्षीय बेटी रविवार दोपहर घर के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। बच्चे घर के भीतर ही लुका-छिपी खेल रहे थे। इसी बीच मासूम बच्ची अचानक गायब हो गई। शुरुआत में परिजनों ने सोचा कि वह कहीं छुपकर खेल रही होगी, लेकिन काफी देर तक जब बच्ची बाहर नहीं आई, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

सामने आई सच्चाई

परिजनों ने तुरंत बच्ची की खोजबीन शुरू की। घर का कोना-कोना, छत और आंगन छान मारा गया। यहां तक कि आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज भी देखी गई, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। घंटों की मशक्कत के बाद जब घर के कमरों की दोबारा गहन तलाशी ली गई, तब सच्चाई सामने आई।

बेड के भीतर अचेत अवस्था में पड़ी थी बच्ची

जब परिजनों ने कमरे में रखे बेड के बॉक्स को खोलकर देखा, तो उनके होश उड़ गए। मासूम बच्ची बेड के भीतर अचेत अवस्था में पड़ी थी। बेड के ऊपर भारी गद्दा और अन्य बिस्तर रखे हुए थे, जिसके कारण बॉक्स के अंदर ऑक्सीजन की कमी हो गई थी।

भारी गद्दे के कारण बंद हो गया बॉक्स

आशंका जताई जा रही है कि बच्ची लुका-छिपी के दौरान बॉक्स में छिप गई होगी और ऊपर से भारी गद्दे होने के कारण बॉक्स बंद हो गया। वेंटिलेशन न होने की वजह से वह दम घुटने के कारण बेहोश हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए। जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। रानीगंज ट्रामा सेंटर के डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

बच्ची की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

बृजेश मिश्र की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।