प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज के मेजा में हुए ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने 12 घंटे में ही खुलासा कर दिया। इस हत्याकांड को पड़ोसी युवक हिमांशु यादव ने अंजाम दिया था। हत्याकांड की वजह भी सामने आ गई है।
Related Stories
क्यों किया मर्डर?
दरअसल हिमांशु यादव पड़ोस में रहने वाली लड़की से शादी करना चाहता था और लड़की भी इसके लिए राजी थी। लेकिन लड़की के ताऊ और दोनों चाची इस शादी का विरोध कर रहे थे। इसीलिए हिमांशु अपने दोस्त राजन और निहाल के साथ आया और लड़की के ताऊ और दोनों चाची पर बांस के खूंटे से सोते वक्त हमला कर दिया और उन्हें मार डाला।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस घटना के आरोपी हिमांशु यादव को दूसरे गांव से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस जब हिमांशु को लेकर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने ले जा रही थी तो हिमांशु ने दारोगा की पिस्टल छीनकर फायर किया और भागने की कोशिश की। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की और गोली हिमांशु के पैर में जाकर लगी। इसके बाद हिमांशु को काबू में किया गया और अस्पताल भेजा गया।
इस घटना की परतें तब खुलीं जब पुलिस ने गांव में घूम-घूमकर जानकारी जमा की। इस दौरान पता लगा कि कुछ दिन पहले हिमांशु, एक लड़की को लेकर भाग गया था। बाद में ग्राम प्रधान ने दोनों परिवारों के बीच समझौता करवा दिया था। मामले को समझते हुए जब पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज किया तो पता लगा कि हिमांशु बाहर भागने की फिराक में है। पुलिस की एसओजी टीम ने उसे मेजा के ही एक गांव में घेरा और पकड़ लिया।
पूछताछ में हिमांशु ने तीनों हत्या की बात कबूली है और बताया है कि वह अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था लेकिन प्रेमिका के ताऊ श्याम लाल और उसकी दोनों चाची, लगातार विरोध कर रही थीं। इसी वजह से उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस हत्याकांड क़ो अंजाम दिया।
पुलिस ने क्या बताया?
DCP विवेक चंद्र यादव ने बताया कि ग्राम प्रधान ने जब दोनों परिवारों में समझौता कराया था तब से लड़की और लड़का लगातार एक दूसरे के संपर्क में थे। लड़की ने जब अपनी चाची और ताऊ के विरोध की बात बताई तो हिमांशु बदला लेने की फिराक में था और इसी वजह से इस वारदात क़ो अंजाम दिया गया।