1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पहली बार चुनाव लड़ने जा रहीं प्रियंका गांधी, कांग्रेस नेता बोले- इतने लाख वोटों से जीतेंगी

पहली बार चुनाव लड़ने जा रहीं प्रियंका गांधी, कांग्रेस नेता बोले- इतने लाख वोटों से जीतेंगी

 Published : Jun 18, 2024 07:51 am IST,  Updated : Jun 18, 2024 07:56 am IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वायनाड सीट छोड़ने का फैसला किया है, इसके साथ ही यहां से प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने का ऐलान भी हुआ है।

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी- India TV Hindi
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी Image Source : ANI

लखनऊ: कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने केरल के वायनाड सीट को छोड़ने का फैसला लिया, साथ ही बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को यहां से उपचुनावी मैदान में उतारा है। इस फैसले का कांग्रेस नेताओं ने जमकर स्वागत किया है। इस पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी अपनी राय रखते हुए कहा कि राहुल गांधी ने सही राजनीतिक फैसला लिया है। बता दें कि नियमों के मुताबिक, 4 जून को रिजल्ट के 14 दिन में दो में से एक सीट छोड़ना होता है। इसी कारण राहुल गांधी ने वायनाड को बाय-बाय कह दिया है।

प्रमोद तिवारी ने किया ये बड़ा दावा

राहुल गांधी अपने रायबरेली लोकसभा सीट बरकरार रखने और प्रियंका गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "मैं कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व और राहुल गांधी को धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने (राहुल गांधी) सही राजनीतिक फैसला लिया है। इसके अलावा, उन्होंने उत्तर प्रदेश के जनादेश का भी सम्मान किया है जिसने 80 में से 43 सीटें भारतीय गठबंधन को दी हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा वायनाड से 5 लाख वोटों से जीतेंगी।"

रायबरेली पारिवारिक सीट

गौरतलब है कि बीते दिन राहुल गांधी ने फैसला लिया कि वे रायबरेली सीट से सांसद बने रहेंगे और केरल की वायनाड के सांसद पद से इस्तीफा देंगे। साथ यह भी बताया कि वायनाड सीट से उनकी बहन प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी। जानकारी दे दें कि 2024 की लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी दो लोकसभा सीटों (वायनाड और रायबरेली) से चुनाव लड़े थे, साथ ही दोनों सीटों पर शानदार जीत दर्ज की। रायबरेली सीट, गांधी परिवार की परंपरागत सीट मानी जाती है। राहुल से पहले उनकी मां सोनिया गांधी इस सीट से सांसद थीं।

ये भी पढ़ें:

प्रियंका गांधी लड़ेंगी उपचुनाव, राहुल गांधी ने की पुष्टि, इस सीट से मैदान में उतरेंगी 

कांग्रेस की बैठक में बड़ा फैसला, तय हुआ कौन सी सीट छोड़ेंगे राहुल गांधी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।