1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रायबरेली में चोरों का गैंग मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए 12.4 किलो चांदी के गहने

रायबरेली में चोरों का गैंग मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए 12.4 किलो चांदी के गहने

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Aug 07, 2026 05:59 pm IST,  Updated : Aug 07, 2026 06:01 pm IST

रायबरेली पुलिस ने ज्वेलर्स की दुकानों में चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 12.4 किलो चांदी के गहने, अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल कार बरामद की है।

Raebareli Crime News, Jewellery Shop Theft, Uttar Pradesh Police Encounter- India TV Hindi
पकड़े गए अपराधियों और बरामद सामान के साथ पुलिस अधिकारी। Image Source : X.COM/RAEBARELIPOLICE

Highlights

  • रायबरेली पुलिस मुठभेड़ के बाद अंतरजनपदीय चोर गिरोह के 5 बदमाश गिरफ्तार हुए।
  • दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, 12.4 किलो चांदी के आभूषण बरामद हुए।
  • गिरोह लग्जरी कार से रेकी कर ज्वेलर्स की दुकानों में सुनियोजित तरीके से चोरी करता था।

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली पुलिस ने ज्वेलर्स की दुकानों में चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि 3 अन्य को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से 12 किलो 400 ग्राम चांदी के आभूषण, अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल की गई कार बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, 3 और 4 अगस्त 2026 की रात थाना मिलएरिया क्षेत्र के तकिया चौराहे पर स्थित 5 ज्वेलर्स की दुकानों में सेंध लगाकर अज्ञात चोर चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी कर ले गए थे।

चोरी के माल के बंटवारे की मिली थी खबर

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शुभम मौर्य की शिकायत पर थाना मिलएरिया में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत केस दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर आशीष निगम के नेतृत्व में SOG, सर्विलांस और थाना मिलएरिया पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई थी। पुलिस को 6 और 7 अगस्त की रात सूचना मिली कि लोनियन का पुरवा स्थित शारदा नहर पुल के पास कुछ लोग चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं और दूसरी चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

मुठभेड़ में बदमाशों के पैर में लगी गोली

पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शिवकुमार के दाहिने पैर और बबलू के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रायबरेली भेजा गया। वहीं राकेश उर्फ छोटे, लवकुश और सागर वर्मा को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवकुमार, बबलू, राकेश उर्फ छोटे, लवकुश और सागर वर्मा के रूप में हुई है। सभी आरोपी सीतापुर जिले के रहने वाले हैं, जबकि राकेश का वर्तमान पता लखीमपुर खीरी भी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, सागर वर्मा पेशे से सुनार है।

12 किलो से ज्यादा चांदी के गहने बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 12 किलो 400 ग्राम सफेद धातु (चांदी) के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें से 4 किलो 460 ग्राम चांदी अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में हुई चोरी से संबंधित है, जबकि बाकी आभूषण रायबरेली के मिलएरिया थाना क्षेत्र में हुई चोरी के बताए गए हैं। इसके अलावा दो अवैध 315 बोर तमंचे, दो खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस और चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार (UP32NV1225) भी बरामद की गई है।

प्लानिंग के साथ चोरी करता था गिरोह

पुलिस के मुताबिक, यह एक संगठित अंतरजनपदीय गिरोह है। इसके सदस्य रात के समय लग्जरी चार पहिया वाहनों से निकलते थे। उनके पास लोहे की रॉड, सब्बल, अवैध हथियार और सेंधमारी के अन्य उपकरण होते थे। गिरोह पहले ज्वेलर्स की दुकानों की रेकी करता था और फिर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देकर तुरंत फरार हो जाता था। मुठभेड़ के मामले में थाना मिलएरिया में BNS की धारा 109(1), 317(2), 313, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

2 आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं गंभीर मामले

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में राकेश उर्फ छोटे और शिवकुमार के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, चोरी, लूट, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर मामलों के कई मुकदमे उत्तर प्रदेश के सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, अमेठी और रायबरेली समेत विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। इस पूरे ऑपरेशन को थाना मिलएरिया पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि गिरोह की अन्य गतिविधियों और संभावित वारदातों के संबंध में भी जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: बुलंदशहर में पुलिस और दो हत्यारोपियों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद दोनों गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।