1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी में संत रविदास जन्मस्थली पर उमड़ा जनसैलाब, सांसद चंद्रशेखर के समर्थकों और पुलिस में तीखी बहस

वाराणसी में संत रविदास जन्मस्थली पर उमड़ा जनसैलाब, सांसद चंद्रशेखर के समर्थकों और पुलिस में तीखी बहस

 Published : Feb 01, 2026 08:48 pm IST,  Updated : Feb 01, 2026 08:48 pm IST

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण अपनी गाड़ी से संत रविदास मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे। रास्ते में लोगों की इतनी भीड़ थी कि गाड़ी का आगे बढ़ना मुश्किल था। पुलिस ने गाड़ियों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी थी। लेकिन चंद्रशेखर के समर्थक गाड़ी आगे ले जाने की जिद करने लगे।

Ravidas jayanti- India TV Hindi
संत रविदास मंदिर के पास उमड़ी भीड़ Image Source : REPORTER INPUT

वाराणसी:  वाराणसी के सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास की जन्मस्थली पर आज लाखों की तादाद में श्रद्धालु उमड़ पड़े। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि इसे मैनेज करने में प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। इसी दौरान नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण भी वहां पहुंच गए। चंद्रशेखर की गाड़ी को आगे ले जाने के सवाल पर उनके समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई। 

किस बात पर पुलिस से भिड़े समर्थक?

समर्थकों का कहना था कि गाड़ी आगे जाएगी जबकि पुलिस का कहना था कि भीड़ इतनी ज्यादा है कि उसमें गाड़ी ले जाना उचित नहीं होगा। गाड़ी आगे ले जाने पर प्रतिबंध लगा हुआ है। इसी बात पर समर्थकों और पुलिस के बीच काफी बहस होने लगी। 

पुलिस की बात नहीं मानी

भीड़ में सांसद चंद्रशेखर की गाड़ी आने से वहां और श्रद्दालुओं को असुविधा होने लगी। पुलिस के बार-बार मना करने के बाद भी सांसद चंद्रशेखर रावण की गाड़ी भीड़ के बीच से गुजरती रही। इस बीच उनके समर्थक पुलिस से उलझ पड़े। पुलिस द्वारा बार-बार कहा जा रहा था कि भीड़ में गाड़ी नहीं ले जाएं। लेकिन चंद्रशेखर और उनके समर्थकों ने पुलिस की बात नहीं मानी। रविदास मंदिर के ठीक पास  भारी भीड़ को काफी असुविधा हुई जिसकी वजह से एक बच्ची भीड़ में फंस गई जिसे उठा कर परिजनों ने बाहर निकाला।

संत रविदास का सपना पूरा होगा-चंद्रशेखर

चंद्रशेखर ने मंदिर पहुंचकर संत रविदास को नमन किया और दर्शन-पूजन के बाद लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि यह काफी महत्वपूर्ण दिन है और एक साल से इस मौके का हम इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संत रविदास का सपना जरूर पूरा होगा। कश्मीर से कन्याकुमारी तक सब प्रसन्न होंगे। 

रिपोर्ट-अश्विनी त्रिपाठी, वाराणसी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।