1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'माफिया और मठाधीश में कोई फर्क नहीं होता', सुल्तानपुर एनकाउंटर पर अखिलेश यादव ने फिर उठाए सवाल

'माफिया और मठाधीश में कोई फर्क नहीं होता', सुल्तानपुर एनकाउंटर पर अखिलेश यादव ने फिर उठाए सवाल

 Published : Sep 12, 2024 05:23 pm IST,  Updated : Sep 12, 2024 05:39 pm IST

सुल्तानपुर एनकाउंटर पर उत्तर प्रदेश में सियासी घमासान लगातार बढ़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच चल रही जुबानी जंग के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर योगी सरकार पर निशाना साधा है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव - India TV Hindi
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव Image Source : PTI

लखनऊ: सुल्तानपुर एनकाउंटर पर योगी सरकार को पिछले कई दिनों से घेर रहे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर से सवाल उठाया है। मंगेश यादव के एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में चप्पल पहनकर एनकाउंटर किया जा रहा है। बीजेपी ने यूपी को फर्जी एनकाउंटर की राजधानी बना दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि माफिया और मठाधीश में कोई फर्क नहीं होता। 

कानून व्यवस्था खराब होने का लगाया आरोप

अखिलेश ने ट्वीट कर कहा कि यूपी में अब तक अपराधी केवल हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म से भाजपा की क़ानून-व्यवस्था का पुर्ज़ा- पुर्ज़ा खोल रहे थे लेकिन अब तो मेरठ में सच में हैलीकाप्टर का पुर्ज़ा- पुर्ज़ा खोलकर ट्रक पर लादकर ले जाने की ख़बर आयी है। ये हवाईपट्टी की सुरक्षा का भी सवाल है। क्या वहां की सुरक्षा व्यवस्था छुट्टी पर गयी है। 

पहले अखिलेश यादव ने लगाया था ये आरोप

इससे पहले अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि पुलिस जाति के आधार पर एनकाउंटर कर रही है। अखिलेश ने दावा किया था भाजपा शासन में 207 फर्जी मुठभेड़ हुई हैं, जिनमें से अधिकांश में पीडीए समुदाय के लोग शामिल हैं। एक्स पर जारी ग्राफ के अनुसार, इनमें से 125 मुठभेड़ों में पीडीए के व्यक्ति शामिल थे। उनका आरोप है कि मंगेश यादव को नजदीक से गोली मारी गई और उनकी मेडिकल रिपोर्ट में बदलाव की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस ने भी बीजेपी को घेरा

वहीं, सुल्तानपुर एनकाउंटर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि कांग्रेस ने कभी अपराधियों का समर्थन नहीं किया और न ही किसी अपराधी के साथ खड़ी रही। सभी अपराधी तो भाजपा में हैं। ये पूरी सरकार केवल और केवल बचाव में उतर गई है। जिसका मतलब यह है कि इन्होंने फर्जी एनकाउंटर करवाए हैं। अब यह पूरी तरह से घिर गए हैं तो अपनी सफाई पेश कर रहे हैं। 

ब्रजेश पाठक ने सपा को घेरा

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि सुल्तानपुर में ज्वेलर्स के यहां दिनदहाड़े लूट की घटना हुई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए जांच शुरू की। सीसीटीवी से जानकारी इकट्ठा कर वांछित लोगों की पहचान करके कार्रवाई की गई। इस दौरान एक अपराधी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया और कई लोग पकड़े भी गए। सुल्तानपुर की घटना हो या कोई भी घटना हो समाजवादी पार्टी हमेशा अपराधियों के समर्थन में आने का काम करती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।