1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ड्यूटी पर जा रहा पुलिसकर्मी बाइक समेत नाले में गिरा, दर्दनाक मौत; संभल में गणेश चौथ मेले में था तैनात

ड्यूटी पर जा रहा पुलिसकर्मी बाइक समेत नाले में गिरा, दर्दनाक मौत; संभल में गणेश चौथ मेले में था तैनात

 Published : Sep 01, 2025 04:56 pm IST,  Updated : Sep 01, 2025 05:10 pm IST

भारी बारिश के कारण संभल, चंदौसी, बहजोई और गुन्नौर सहित ज्यादातर कस्बों में सड़कें जलमग्न हो गईं। इसके चलते आज चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में जलमग्न सड़क पर बाइक से जा रहे एक कांस्टेबल रजनीश कुमार की नाले में गिरने से मौत हो गई।

sambhal policeman- India TV Hindi
सिपाही रजनीश कुमार की नाले में गिरने से मौत। Image Source : REPORTER INPUT

संभल के चंदौसी नगर में आज एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां 21 दिनों तक चलने वाले चर्चित मेला गणेश चौथ में तैनात 36 वर्षीय पुलिसकर्मी बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए घर से निकला। तभी लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से शहर की सड़कें जलमग्न थीं। इस दौरान पुलिसकर्मी की बाइक गहरे नाले में फिसल कर जा गिरी। बाइक समेत गहरे नाले में डूबने से पुलिसकर्मी की मौत हो गई है। हादसे की सूचना के बाद मृतक पुलि कर्मी के शव को पानी के गहरे नाले से रेस्क्यू कर निकाला गया है जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

कैसे हुआ हादसा?

दरअसल, संभल के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के कस्बे में चल रहे मेला गणेश चौथ में कांस्टेबल रजनीश कुमार चंदौसी मेले में मुंशी के तौर पर तैनात थे। सोमवार सुबह 10 बजे जब रजनीश कुमार बाइक द्वारा ड्यूटी के लिए आ रहे थे तभी लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते सड़क जलमग्न थी। इस दौरान उन्हें सड़क किनारे 25 मीटर गहरे और लंबे नाले का अंदाजा नहीं हुआ। इस बीच कांस्टेबल रजनीश कुमार की बाइक पानी में फिसलती हुई गहरे नाले में जा गिरी। रजनीश कुमार गहरे काफी लंबे और चौड़े नाले में गिरने के कारण बाहर नहीं निकल सके और नाले के पानी में डूबने से उनकी जान चली गई।

बाइक समेत गहरे नाले में डूबने से पुलिसकर्मी की मौत।
Image Source : REPORTER INPUTबाइक समेत गहरे नाले में डूबने से पुलिसकर्मी की मौत।

परिवार में मचा कोहराम

हादसे की जानकारी होने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां काफी देर तक चले रेस्क्यू के बाद मृतक पुलिस कर्मी रजनीश कुमार के शव को नाले से बाहर निकाला गया है। हादसे की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई 

संभल एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि आज थाना चंदौसी में सीकरी गेट में सुबह 10 बजे चंदौसी मेले में तैनात कांस्टेबल रजनीश कुमार जब ड्यूटी पर जा रहा था तो सड़क जलमग्न होने के कारण बाइक फिसल गई और वो नाले में जा गिरा। उन्होंने बताया कि नाले की चौड़ाई काफी अधिक और लंबाई 25 मीटर के आस-पास होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने की वजह से उसकी मौत हो गई। एसपी ने कहा कि सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

(रिपोर्ट- रोहित व्यास)

यह भी पढ़ें-

पश्चिमी यूपी के 13 जिलों में रेड अलर्ट, अगले दो दिन बहुत भारी बारिश की संभावना

इस राज्य में 3 सितंबर तक बंद किए गए सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी, भारी बारिश के कारण फैसला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।