1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संभल में एक व्यक्ति ने की खुदकुशी, पत्नी पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, पुलिस ने कही ये बात

संभल में एक व्यक्ति ने की खुदकुशी, पत्नी पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, पुलिस ने कही ये बात

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Mar 05, 2025 06:40 am IST,  Updated : Mar 05, 2025 06:40 am IST

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक शख्स ने आत्महत्या कर ली। शख्स ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान गौरव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि इस मामले में जांच शुरू हो चुकी है।

sambhal man committed suicide accused his wife of harassment up police said this- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

संभल जिले में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी पत्नी समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान ऐंचोड़ा कंबोह पुलिस थाना क्षेत्र के मौसमपुर गांव निवासी गौरव कुमार (30) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि कुमार ने रविवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया था जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने बताया कि कुमार को अस्पताल ले जाया गया जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गौरव के पिता कृष्णपाल सिंह की शिकायत के बाद पुलिस ने गौरव की पत्नी प्रिया और दो अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

पत्नी के उत्पीड़न से परेशान शख्स ने की आत्महत्या

कृष्णपाल सिंह के मुताबिक उनके बेटे गौरव की शादी एक साल पहले मुरादाबाद जिले के सोनकपुर, अलीनगर निवासी प्रिया से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही गौरव और उसकी पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया और प्रिया मायके चली गई। कृष्णपाल ने आरोप लगाया कि प्रिया ने कथित तौर पर गौरव से रुपये की मांग की और मांग पूरी नहीं होने पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने की धमकी दी जिससे परेशान होकर ही गौरव ने यह कदम उठाया। मृतक के पिता ने दावा किया कि उनके बेटे ने सुसाइट नोट में अपनी मौत के लिए प्रिया और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया। 

पुलिस ने क्या कहा?

असमोली के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रिया और दो अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि इससे पूर्व आगरा में आईटी कंपनी टीसीएस के मैनेजर मानव शर्मा ने सोशल मीडिया पर लाइव-स्ट्रीमिंग के बाद आत्महत्या कर ली थी। अब इस मामले में मृतक की बहन का चौंकाने वाला बयान सामने आया है और उन्होंने अपने भाई की मौत के पीछे के राज से पर्दा उठाया है। मृतक की बहन का कहना है, 'पहले तो हमें लगा कि उसने भावनाओं में बहकर आत्महत्या कर ली है। लेकिन जब हमने उसका फोन चेक किया तो पता चला कि उसे उकसाया गया था कि वह (मानव की पत्नी) आसानी से तलाक स्वीकार नहीं करेगी। मैं कभी-कभी उसकी पत्नी से बात करती थी। वह (मानव की पत्नी) किसी को भी बुला सकती थी और उसकी जान बचा सकती थी। हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है क्योंकि हम नहीं चाहते कि हमारी तरह कोई और किसी को खोए।'

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।