यूपी की योगी सरकार ने पुलिस विभाग में आज बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर दिया है और राज्य के पांच आईपीएस अधिकारियों के ट्रांसफर कर दिए गए हैं। ट्रांसफर की इस लिस्ट में रामपुर के पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना का भी नाम शामिल है। जारी आदेश के मुताबिक, अनिल कुमार सिंह (IPS-SPएस-2015) को पुलिस अधीक्षक, सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ से हटाकर पुलिस अधीक्षक, रामपुर की जिम्मेदारी दी गई है। रामपुर में तैनात सोमेन्द्र मीना (IPS-RR-2017) का ट्रांसफर कर उन्हें पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय अभिसूचना, आगरा भेजा गया है।

रामपुर के एसपी बनाए गए अनिल कुमार सिंह
रामपुर में आजम खां के जौहर विश्वविद्यालय में बुलडोजर कार्रवाई से पहले रामपुर के एसपी के इस ट्रांसफर को काफी अहम माना जा रहा है। गृह विभाग के जारी आदेश के तहत उत्तर प्रदेश सुरक्षा मुख्यालय में एसपी के पद पर तैनात अनिल कुमार सिंह को इसी पद पर रामपुर भेजा गया है।
सूची में किसका किसका नाम
गृह विभाग से जारी आदेश के तहत एसपी के पद पर तैनात अनिल कुमार सिंह को इसी पद पर रामपुर भेजा गया है। मोहम्मद मुस्ताक ललितपुर के SP थे, अब उन्हें पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ट्रांसफर किया गया है। वहीं, गोपाल कृष्ण चौधरी को पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ से सेनानायक, 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ बनाया गया है। संजीव कुमार बाजपेई जो एटा में 43वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक थे, अब पुलिस अधीक्षक, ललितपुर होंगे।
पिछले सप्ताह ही बड़े पैमाने पर हुआ था ट्रांसफर
इससे एक सप्ताह पहले ही यूपी की योगी सरकार ने बड़े पैमाने पर आईपीएस अफसरों का तबादला कर दिया था। कई जिलों में प्रशासनिक चेहरे बदले गए और 20 IAS अफसरों का ट्रांसफर कर दिया गया।ट्रांसफर में शुभा वर्मा, सचिव, राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को श्रमायुक्त, उत्तर प्रदेश बना दिया गया, डॉ. सारिका मोहन, महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा, उत्तर प्रदेश व सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को महानिदेशक, निबंधन, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई।
वहीं, नेहा शर्मा, महानिदेशक, निबंधन, उत्तर प्रदेश को महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा, उत्तर प्रदेश तथा सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन का अहम दायित्व मिला। इसके अलावा, अरुण कुमार, अपर निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म, उत्तर प्रदेश को मिशन निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन भेजा गया।
ये भी पढ़ें:
यूपी में अब 24 IAS अफसरों का ट्रांसफर, इन 10 जिलों के डीएम बदले गए, देखें पूरी लिस्ट