उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना कस्बे से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां कैराना के मोहल्ला खेल कला निवासी 38 वर्षीय मजदूर सलमान ने पत्नी की बेवफाई और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा प्रताड़ित करने के मामले में परेशान होकर अपने चार मासूम बच्चों के साथ यमुना नदी में छलांग लगा दी। घटना से पूर्व उसने अपने मोबाइल फोन से रोते हुए तीन वीडियो बनाकर अपनी बहन को भेजे, जिनमें पत्नी और उसके प्रेमी को इस कदम के लिए जिम्मेदार ठहराया। अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
इन चार बच्चों के साथ यमुना में लगाई छलांग
शुक्रवार दोपहर 12 बजे सलमान अपनी 12 वर्षीय बेटी महक, 5 वर्षीय शिफा, 3 वर्षीय बेटे आयान और मात्र आठ माह की इनायशा को लेकर यमुना नदी के पुराने पुल के पास पहुंचा। जहां पहले उसने अपने मोबाइल से वीडियो बनाई और फिर अपने साथ हो रही घटना से अवगत कराते हुए कहा कि किस कदर उसकी पत्नी ओर उसके परिजनों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है।
हमारी मौत के जिम्मेदार पत्नी और उसका प्रेमी
उसने बताया कि नियम कानून से भी उसकी कोई मदद नहीं हुई। उन्होंने कहा कि हमारी मौत के जिम्मेदार उसकी पत्नी, उसका प्रेमी और उसके ससुराल पक्ष के लोग हैं। इसके बाद दुखी पति चारों बच्चों सहित यमुना नदी में कूद गया।
सात महीने में जीवन बना दिया नर्क
इस हादसे से पहले बनाए गए वीडियो में सलमान ने कहा कि उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने सात महीने से उसका जीवन नर्क बना दिया है। उसने यह भी कहा कि उसकी मौत और बच्चों की मौत के लिए वही लोग जिम्मेदार होंगे।
बहन को भेजा रोता हुआ वीडियो
सलमान की बहन गुलिस्ता ने बताया कि आज सुबह भाई बच्चों को साथ लेकर घर से निकला था। दोपहर में उसने वीडियो भेजा, लेकिन वे उसे ठीक से देख नहीं पाईं। वीडियो ध्यान से देखने पर पूरी घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद परिजन और मोहल्लेवासी यमुना पुल पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने बताया कि एक व्यक्ति चार बच्चों के साथ पुल से नदी में कूदा था। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और पांचों की तलाश शुरू कर दी। सीओ श्याम सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। देर रात तक नदी में खोजबीन जारी रही।
वीडियो में कहीं दिल को झकझोर देने वाली बातें
वहीं, मृतक सलमान द्वारा बनाई गई वीडियो में सलमान रोते हुए कह रहा है, 'महक बेटा, हम सब मर जाएंगे। हमारी मौत के जिम्मेदार तुम्हारी अम्मी और उनके प्रेमी है। सात महीने से उन्होंने हमारा जीना हराम कर रखा है। मेरे पास कोई विकल्प नहीं बचा था। सरकार या किसी और से कोई उम्मीद नहीं है। मैं चाहता हूं कि आगे कोई इंसान ऐसी गलती न करे।'
सभी खोजने में लगी है गोताखोर की टीम
कैराना की इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। लोग मासूम बच्चों की जिंदगी को याद कर व्यथित हैं। फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी में डूबे पिता और चारों बच्चों की तलाश में जुटी है। वहीं, इस मामले में मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि पुलिस को सलमान के परिजनों के द्वारा कल 1:00 बजे सूचना दी गई थी। पुलिस द्वारा पता लगाया गया था कि यमुना ब्रिज पर सलमान का फोन बंद हो गया था। इसके बाद उसका पता लगाना मुश्किल हो गया। आज स्थानीय व्यक्तियों द्वारा बताया गया कि एक व्यक्ति अपने चार बच्चों के साथ यमुना नदी में कूदा था जिसके लिए प्राइवेट गोताखोर और पीएसी की टीम लगी हुई है।
रिपोर्ट- श्रवण पंडित