उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री लॉरेंस वॉंग से मुलाकात की और उनके साथ कई अहम मुद्दों पर बातचीत की। लॉरेंस वॉंग ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर योगी आदित्यनाथ के साथ फोटो शेयर की। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सिंगापुर में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। उत्तर प्रदेश तीसरी सबसे बड़ी राज्य अर्थव्यवस्था है और भारत में सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक है।
लॉरेंस वांग ने लिखा, "सिंगापुर की कंपनियां उत्तर प्रदेश में इन्वेस्ट कर रही हैं, खासकर लॉजिस्टिक्स, कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में, जिससे बिजनेस और इन्वेस्टमेंट के गहरे लिंकेज की संभावना है। आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर हमारी अच्छी बातचीत हुई। मैं उनके अच्छे दौरे की कामना करता हूं।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सिंगापुर में अपने बीच देखकर प्रवासी भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह छा गया। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री के संबोधन के बीच कार्यक्रम स्थल पर लगातार तालियां बजती रहीं और "योगी हैं तो यूपी है" की गूंज पूरे वातावरण में ऊर्जा भर रही थी। कार्यक्रम में जब एक महिला ने योगी को प्रदेश की तमाम महिलाओं की तरफ से 'भैया' कहकर बुलाया तो पूरा माहौल भावनात्मक हो गया। आयोजन में एक बच्ची मुख्यमंत्री का स्केच बनाकर लाई थी, जिस पर योगी ने अपना ऑटोग्राफ देकर उसके चेहरे पर मुस्कान ला दी। बयान में कहा गया कि कार्यक्रम के दौरान सिंगापुर में रह रही भारतीय मूल की स्वाति ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए खुद को उत्तर प्रदेश और योगी आदित्यनाथ की बहन बताया। उन्होंने कहा कि संस्कृत में मुख्यमंत्री का संबोधन सुनकर वह प्रेरित हुईं।
स्वाति ने कहा, "जब संत सियासत में आता है तो सियासत इबादत बन जाती है, बन चुकी है। मैं उत्तर प्रदेश की साढ़े 11 करोड़ महिलाओं की ओर से मुख्यमंत्री को 'भैया' कहती हूं, क्योंकि उत्तर प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिला है। अब महिलाएं रात में भी निडर होकर बाहर निकल सकती हैं। अपराधियों में कानून का भय है।" बयान के अनुसार एक महिला ने मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र भी बांधा। इस अवसर पर सिंगापुर के ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष भारतीय परंपरा को जीवंत करते हुए गणपति वंदना पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुति दी, जिसकी मुख्यमंत्री ने मुक्तकंठ से सराहना की। इस स्कूल के संस्थापक ने कहा, "आपमें हमें हमारे श्रद्धेय पहले प्रधानमंत्री और सिंगापुर के संस्थापक श्री ली क्वान यू की प्रतिछाया प्रतीत हो रही है।" मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की शास्त्रीय विधा को यहां पर इन बच्चों ने गणपति वंदना के माध्यम से बड़े ही सुन्दर ढंग से प्रस्तुत किया।
यह भी पढ़ें-
CM योगी का सिंगापुर दौरा: UP को मिली बड़ी निवेश सफलता, करीब 20 हजार करोड़ रुपये के MoU हस्ताक्षरित