1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. '90 हजार का सामान ले जा रहा हूं, ब्याज सहित 1.17 लाख लौटा दूंगा'; UP के सबसे ईमानदार चोर की चिट्ठी

'90 हजार का सामान ले जा रहा हूं, ब्याज सहित 1.17 लाख लौटा दूंगा'; UP के सबसे ईमानदार चोर की चिट्ठी

 Published : May 07, 2026 09:39 pm IST,  Updated : May 07, 2026 09:39 pm IST

यूपी के सीतापुर में एक चोर ने सामान चुराया, लेकिन ब्याज सहित उसके पैसे वापस करने की बात भी कही। उसने दुकानदार के नाम लिखे लेटर में अपने हालातों का दोषी अपने ही दोस्तों को बताया।

हालातों से परेशान...- India TV Hindi
हालातों से परेशान युवक ने रोटरी वेटर किया चोरी। Image Source : REPORTER INPUT

यूपी के सीतापुर में चोरी की एक अजब वारदात सामने आई है जिसमें एक युवक ने चोरी ही नहीं की बल्कि अपनी दरियादिली भी दिखाई। चोर दुकान में रखा रोटरी वेटर चोरी कर ले गया। लेकिन वारदात से पहले उसने दुकानदार के नाम एक पत्र लिखा और तीन साल में ब्याज सहित रुपया देने की बात कही।

वापस रखते समय पकड़ा गया

चोर ने अपने इन हालातों का दोषी अपने दोस्तों को बताया। लेकिन चोरी का रोटरी वेटर काम का न निकलने पर चोर अपने साथी के साथ दुकानदार के यहां वापस रखने पहुंचा जहां ग्रामीणों ने चोर को उसके साथी के साथ पकड़ लिया। इतना ही नहीं चोरी किए गए रोटरी वेटर के साथ ट्रैक्टर को भी बरामद किया। 

दुकानदार को दी 'ईमानदारी' की गारंटी

यह पूरा मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का है। आरोपी युवक सुयश पटेल अपने एक साथी के साथ दुकान से रोटा वेटर (जुताई के काम आने वाला यंत्र) समझकर रोटरी वेटर (मिट्टी बराबर करने वाला यंत्र) उठा ले गया था। चोरी के बाद उसने एक लेटर भी छोड़ा, जिसमें स्वयं को मजबूर बताते हुए माफी मांगी गई थी। पत्र में लिखा था कि आर्थिक तंगी और दोस्तों की वजह से परेशानी में आने के चलते मशीन ले जानी पड़ रही है, लेकिन तीन साल के भीतर पूरी रकम लौटा दी जाएगी।

पत्र में क्या-क्या लिखा?

चोर ने लिखा, ''जय श्री राम, मैं आपका यह उपकरण लेकर जा रहा हूं जिसका अगर मैं मूल्य लगाऊं तो 90,000 है और 3 साल में 10% के हिसाब से 27,000 ब्याज होगा जो कि टोटल 1,17,000 होता है जो कि आपको 3 वर्ष के समयांतराल के अंदर मिल जाएंगे। ईश्वर आपको दिन रात तरक्की दे। मैं आपको यह भरोसा दिलाता हूं कि यह ओछा कार्य अपने अत्यंत कठिन समय कारण कर रहा हूं जिसमें मेरे ही कुछ खास दोस्तों का ही हाथ है जिन्होंने मुझे बर्बाद करने की कोशिश की और सारे उपकरण उठा ले गए। कृपया विश्वास करें। धन्यवाद भाई।"

चोर ने दुकानदार को लिखी चिट्ठी
Image Source : REPORTER INPUTचोर ने दुकानदार को लिखी चिट्ठी

ट्रैक्टर पर लादकर लौटाने पहुंचा सामान

इधर जब आरोपी मशीन को इस्तेमाल नहीं कर पाया और उसे बेकार समझा, तो देर रात ट्रैक्टर पर लादकर वापस दुकान पर रखने पहुंच गया। इसी दौरान दुकानदार को भनक लग गई और उसने ग्रामीणों की मदद से आरोपी युवक व उसके साथी को पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से मशीन और ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी लबरहा गांव के रहने वाले हैं। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट- मोहित मिश्र)

यह भी पढ़ें-

5 करोड़ के हीरे, ₹15 लाख कैश के साथ पिस्टल भी ले गए चोर, ऑडी से चोरी करने आए थे, पुलिस ने सब बरामद किया

जीजा-साली की चोर गैंग, फॉर्च्यूनर से करते थे रेकी, पुलिस ने फार्महाउस से पकड़ा, 34 लाख का सामान मिला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।