1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 5 करोड़ के हीरे, ₹15 लाख कैश के साथ पिस्टल भी ले गए चोर, ऑडी से चोरी करने आए थे, पुलिस ने सब बरामद किया

5 करोड़ के हीरे, ₹15 लाख कैश के साथ पिस्टल भी ले गए चोर, ऑडी से चोरी करने आए थे, पुलिस ने सब बरामद किया

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 07, 2026 08:59 pm IST,  Updated : May 07, 2026 08:59 pm IST

पुलिस की जांच में सामने आया कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।

theft- India TV Hindi
पुलिस की गरिफ्त में चोर Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में करोड़ों की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शहर की पॉश कॉलोनी शालीमार में ठेकेदार के घर से करोड़ों के जेवरात, नकदी और पिस्टल चोरी हुई थी। जांच में पड़ोसी युवक ही पूरी घटना का मास्टरमाइंड निकला है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शालीमार पैराडाइज चोरी कांड लगातार चर्चा में रहा था। इस कॉलोनी में सुरक्षा के पूरे इंतजाम हैं। इसके बावजूद चोरी की घटना से सभी हैरान थे। हालांकि, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।

क्या है मामला

1 मई 2026 को अजय कुमार सिंह ने उनके घर में चोरी की शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि 19 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच वह परिवार सहित बाहर थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर लाइसेंसी पिस्टल, जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच आगे बढ़ाई। 7 मई को घटना का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

ऑनलाइन क्रेडिट बिजनेस में नुकसान के बाद की चोरी

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी आकर्ष सिंह ने ही पूरी साजिश रची थी। वह पीड़ित के घर के सामने रहता था और ऑनलाइन क्रेडिट बिजनेस में हुए नुकसान से आर्थिक तंगी के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।

ऑडी कार से ले गया चोरी का सामान

घटना की रात उसने अपने साथी पृथ्वी प्रताप सिंह को छत पर निगरानी के लिए लगाया और खुद घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद सामान को ऑडी कार से ले जाकर साथी अनुराग के पास रखा गया। बाद में प्रयागराज में अन्य साथियों के जरिए जेवरात बेचने और गलवाने की तैयारी की जा रही थी।

आरोपियों से बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लगभग 5 करोड़ कीमत के हीरे, सोने-चांदी के जेवर, एक लाइसेंसी पिस्टल, 9 जिंदा कारतूस (7.62 बोर), ₹14,85,000 नकद, घटना में प्रयोग की गयी ऑडी कार बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में आकाश सिंह समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

(बाराबंकी से दीपक निर्भय की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

खत्म हुआ सालों का इंतजार, नोएडा एयरपोर्ट से टिकटों की बिक्री शुरू, जानिए कब भरी जाएगी पहली उड़ान

1600 करोड़ के फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड महफूज आलम गिरफ्तार, TMC नेता की पनाह में छिपा था आरोपी

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।