Sitapur Madrasa Demolition: यूपी के सीतापुर में बुलडोजर एक्शन का खौफ अब अतिक्रमण करने वाले लोगों के दिलों में घर कर चुका है जिसका उदाहरण आज (बुधवार को) साफ तौर पर देखने को मिला। कलेक्टर न्यायालय से जारी हुए तालाब की जमीन पर बने अवैध मदरसे को ध्वस्त किए जाने के फरमान के बाद मदरसा संचालक बैकफुट पर नजर आए और खुद ही मदरसे को तुड़वाने लगे।
15 साल से अवैध जमीन पर चल रहा था मदरसा
बता दें कि पिछले 15 साल से मदरसा जामिया अब्दुल्लाह बिन मसऊद अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। मामले की सुनवाई करते हुए कलेक्टर न्यायालय ने संचालक मौलाना शौकत कासमी की सभी आपत्तियों को खारिज करते हुए 15 दिनों में तालाब को पुराने स्वरूप में लाने के आदेश दिए थे। इतना ही नहीं ऐसा ना होने पर बुलडोजर की कार्रवाई के आदेश जारी किए गए थे।
मदरसा संचालक पर लगा है 10.46 लाख का जुर्माना
इसी कड़ी में बुधवार को मदरसा संचालक ने बुलडोजर की कार्रवाई से पहले खुद मदरसे की बिल्डिंग पर हथौड़े चलवाना शुरू कर दिया। जान लें कि कलेक्टर न्यायालय के आदेश में मदरसा संचालक मौलाना शौकत कासमी पर 10.46 लाख का जुर्माना भी लगाया गया है।
तालाब की 4 बीघा जमीन पर कब्जा कर बनाया था मदरसा
बताते चलें कि सदर तहसील के ग्राम कचनार में तालाब की करीब 4 बीघा जमीन पर जामिया अब्दुल्लाह बिन मसऊद के नाम से मदरसा संचालित किया जा रहा था। यह मदरसा पिछले करीब 15 सालों से संचालित हो रहा था। कलेक्टर न्यायालय में इस मामले की सुनवाई करते हुए डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने मदरसे को गिराने का फरमान जारी किया था।
मदरसे पर खुद ही चलवाने लगे छेनी-हथौड़ा
इतना ही नहीं कलेक्टर न्यायालय ने मदरसा संचालकों को 15 दिन का समय दिया था। आदेश में यह भी कहा था कि अन्यथा की स्थिति में तहसील प्रशासन बुलडोजर की कार्रवाई करेगा। मदरसा संचालकों में बुलडोजर का ऐसा खौफ देखा गया कि उनकी तरफ से खुद ही मदरसे पर हथौड़ा और छेनी चलवाना शुरू कर दिया गया।
मदरसे को तोड़ने की प्रक्रिया जारी
इतना ही नहीं बिजली के बड़े-बड़े घनों से मदरसे की छत को काटने का काम किया जा रहा है। मदरसा संचालक की तरफ से खुद मदरसे को तुड़वाए जाने का मामला लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस कार्रवाई से पहले मदरसा संचालक की तरफ से मदरसे को पहले खाली कराया गया और उसके बाद तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई।
(इनपुट- मोहित मिश्रा)
ये भी पढ़ें- DM ऑफिस के बाहर महिला ने डीजल डालकर की आत्मदाह की कोशिश, मचा हड़कंप, होमगार्ड जवानों ने दौड़कर बचाई जान