1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. महिला को सांप ने डसा, जिंदा करने के लिए गोबर में दबाया शव, तांत्रिक के कहने पर अब रात 8 बजे का इंतजार

महिला को सांप ने डसा, जिंदा करने के लिए गोबर में दबाया शव, तांत्रिक के कहने पर अब रात 8 बजे का इंतजार

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jul 11, 2025 07:07 pm IST,  Updated : Jul 11, 2025 07:08 pm IST

यूपी के सीतापुर जिले में अंधविश्वास का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहरीले सांप के काटने के बाद मृत महिला को उसके परिजन एक तांत्रिक के पास ले गए, जिसने दावा किया कि वह महिला को 24 घंटे के भीतर जीवित कर देगा।

sitapur- India TV Hindi
तांत्रिक के कहने पर महिला का शव गोबर के नीचे दबाया। Image Source : INDIA TV

यूपी के सीतापुर जिले में एक महिला को जहरीले सांप ने काट लिया। इसके बाद इलाज के लिए परिवार वाले उसे स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। लेकिन एक तांत्रिक ने मृत महिला को जीवित करने का दावा करते हुए महिला को गोबर में दबा दिया। इतना ही नहीं तांत्रिक ने महिला को 24 घंटे के अंदर में ही जीवित कर देने का दावा किया। तांत्रिक के दावों को लेकर रात 8 बजे महिला के शव को गोबर से बाहर निकाला जाएगा।

परिवार के साथ गांव वाले मौके पर मौजूद

सूचना मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के जिला संयोजक अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और तांत्रिक के दावों को लेकर हंगामा करने लगे। परिवार वालों के विरोध के बाद सभी कार्यकर्ता वापस चले गए। फिलहाल घटनास्थल पर परिवार वालों के साथ गांव वाले भी मौजूद हैं।

woman died of snake bite
Image Source : INDIA TVगोबर के नीचे दबाया शव।

तांत्रिक के कहने पर अभी भी नहीं निकाला शव

यह पूरा मामला तंबौर थाना क्षेत्र के चकपुरवा गांव का है। यहां रहने वाली 60 वर्षीय कलावती देवी को सांप ने काट लिया था। गुरुवार को दोपहर करीब 1 बजे वह कंडे सही कर रही थीं, तभी छिपे बैठे सांप ने उसे डस लिया। घर वाले तुरंत उसे पास के बिसवां खुर्द गांव में एक बैद्य के पास उपचार के लिए ले गए, लेकिन वहां कोई लाभ नहीं हुआ। इसके बाद परिवार वाले उसे इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टरों ने कलावती को मृत घोषित कर दिया। कलावती की मौत के बाद परिवार के कोहराम मच गया। वहीं, इस मामले की जानकारी होने पर इस्माइल गंज स्थित राम जानकी मंदिर के तांत्रिक कृपाल दास गांव पहुंचे जहां उन्होंने कलावती को जिंदा करने का दावा किया।

देखें वीडियो-

जिंदा होने की उम्मीद में इंतजार कर रहे परिजन

तांत्रिक कृपाल दास ने दावा किया कि अगर कलावती को 24 घंटे गोबर में दबा कर रखा जाए तो वह जीवित हो जाएगी। तांत्रिक कृपाल दास के दावों को लेकर कलावती के शव को गोबर में दबाने की अनुमति दी। इसके बाद तांत्रिक ने कलावती के शव को गोबर के नीचे दबा दिया। फिलहाल कलावती का शव गोबर के अंदर ही दबा हुआ है। बताया जा रहा है कि रात 8 बजे कलावती के शव को गोबर से बाहर निकाला जाएगा, इसके बाद तांत्रिक के दावों की हकीकत से पर्दा उठ पाएगा। वहीं, पुलिस भी 8 बजने का इंतजार कर रही है। हालांकि कलावती के घर पर पुलिस बल मौजूद है।

(रिपोर्ट- मोहित मिश्र)

यह भी पढ़ें-

हाजीपुर: मौत का लाइव Video, रेस्क्यू करने गए व्यक्ति को सांप ने डसा, 2 मिनट के अंदर हो गई मौत

जैसे ही उड़ने वाला था विमान नजर आ गया खतरनाक सांप, जानें फिर क्या हुआ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।