1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में हो रही प्रतिबंधित मांस की तस्करी, 4 करोड़ रुपए का गोमांस जब्त करके नष्ट किया गया, 5 लोग गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में हो रही प्रतिबंधित मांस की तस्करी, 4 करोड़ रुपए का गोमांस जब्त करके नष्ट किया गया, 5 लोग गिरफ्तार

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Nov 18, 2024 07:23 am IST,  Updated : Nov 18, 2024 02:25 pm IST

ग्रेटर नोएडा में प्रतिबंधित मांस की तस्करी हो रही है। ताजा मामला ये है कि पुलिस ने 4 करोड़ रुपए की कीमत का गोमांस जब्त किया है और उसे नष्ट कर दिया गया है। इस मामले में 5 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है।

Smuggling of banned meat- India TV Hindi
प्रतिबंधित मांस को नष्ट किया गया Image Source : INDIA TV

ग्रेटर नोएडा: यूपी के ग्रेटर नोएडा में गोमांस की बड़े स्तर पर तस्करी और उसे स्टोर करने का मामला सामने आया है। 4 करोड़ की कीमत के गोमांस को जब्त किया गया है और उसे नष्ट किया गया है। गोमांस की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। 

क्या है पूरा मामला?

दादरी कोतवाली क्षेत्र के लुहारली टोल पर 9 नवंबर को पश्चिम बंगाल से आ रहे एक ट्रक को कुछ लोगों ने रोका था और उसमें प्रतिबंधित मांस होने की सूचना दी थी। पुलिस ने एक ट्रक को रोककर उसमें रखे मांस का नमूना जांच के लिए भेजा था। जांच में गोमांस का पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उसमें पूरन जोशी, खुर्शिदुन नबी, अक्षय सक्सेना, शिव शंकर और सचिन का नाम शामिल है, जो कोल्ड स्टोरेज मालिक, निदेशक, मैनेजर और ट्रक चालक हैं। एडीशनल डीसीपी ने बताया कि प्रतिबंधित मांस की तस्करी और भंडारण के आरोप में इन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

शिव शंकर और सचिन पश्चिम बंगाल से ट्रक में लगभग 32 टन मांस लेकर आए थे। मिली सूचना के आधार पर ट्रक में लदे मांस का नमूना लेकर जांच के लिए मथुरा लैब भेजा गया था। इसके बाद पुलिस ने एसपीजे कोल्ड स्टोरेज बिसाहड़ा रोड, दादरी में छापा मारा था। कोल्ड स्टोरेज के चेंबर नंबर-5 से लगभग 153 टन पैकिंग में प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ था जबकि ट्रक में लगभग 32 टन मांस मिला था। लैब रिपोर्ट में मांस के गोमांस के होने की पुष्टि हुई। जब्त किए गए मांस की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपए है। पुलिस ने बरामद मांस को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

मामले की जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। आरोपी व्यक्तियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस मांस की सप्लाई किन-किन जगहों पर की जा रही थी। (इनपुट: राहुल ठाकुर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।