1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, गैंगस्टर एक्ट में मिली अंतरिम जमानत

मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, गैंगस्टर एक्ट में मिली अंतरिम जमानत

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Mar 07, 2025 03:59 pm IST,  Updated : Mar 07, 2025 04:15 pm IST

विधायक अब्बास अंसारी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने यूपी गैंगस्टर्स एक्ट के तहत एक मामले में अब्बास अंसारी को शर्तों के साथ अंतरिम जमानत दे दी है।

विधायक अब्बास अंसारी- India TV Hindi
विधायक अब्बास अंसारी Image Source : ANI

नई दिल्लीः सुप्रीम कोर्ट ने यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत एक मामले में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक और दिवंगत मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी को शर्तों के साथ अंतरिम ज़मानत दी है। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि अंसारी को लखनऊ में अपने आधिकारिक आवास पर रहना होगा, अपने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा करने के लिए जिला प्रशासन और ट्रायल कोर्ट से पूर्व अनुमति लेनी होगी। न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने फैसला सुनाते हुए कहा कि कि अब्बास अंसारी को गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले को छोड़कर अन्य सभी आपराधिक मामलों में जमानत दी गई थी। 

अब्बास अंसारी को इन शर्तों का करना होगा पालन

इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि अब्बास अंसारी ट्रायल कोर्ट की अनुमति के बिना उत्तर प्रदेश नहीं छोड़ सकते। अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि अंसारी को अदालत के समक्ष चल रहे मामलों के बारे में कोई सार्वजनिक बयान नहीं देना चाहिए। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि इन मामलों में खुद का बचाव करने का अंसारी का अधिकार अप्रभावित रहना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि जब भी आवश्यक हो अब्बास अंसारी को ट्रायल कोर्ट के समक्ष पेश होना चाहिए। शीर्ष अदालत ने मामले को छह सप्ताह बाद सूचीबद्ध किया है। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि मामले में स्टेटस रिपोर्ट पेश की जाए।

6 सितंबर, 2024 को किया गया था गिरफ्तार

बता दें कि चित्रकूट जिले के कोतवाली कर्वी पुलिस स्टेशन में 31 अगस्त, 2024 को अंसारी, नवनीत सचान, नियाज अंसारी, फराज खान और शाहबाज आलम खान के खिलाफ यूपी गैंगस्टर्स और असामाजिक गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम, 1986 की धारा 2, 3 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। उन पर जबरन वसूली और मारपीट का आरोप लगाया गया था। मामसा दर्ज होने के बाद 6 सितंबर, 2024 को अब्बास अंसारी को गिरफ्तार किया गया था। 

(एएनआई इनपुट के साथ)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।