1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चॉकलेट दिलाने के बहाने 5 साल की बच्ची को शौचालय में ले गया टीचर, की गंदी हरकत; गिरफ्तार

चॉकलेट दिलाने के बहाने 5 साल की बच्ची को शौचालय में ले गया टीचर, की गंदी हरकत; गिरफ्तार

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : May 01, 2026 01:06 pm IST,  Updated : May 01, 2026 01:06 pm IST

यूपी के बलिया जिले में एक प्रधानाध्यापक ने पांच साल की बच्ची के साथ स्कूल के टॉयलेट में गंदी हरकत की। घटना के बाद इलाके में आक्रोश व्याप्त हो गया। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बच्ची से गंदी हरकत करने वाला प्रधानाध्यापक गिरफ्तार।- India TV Hindi
बच्ची से गंदी हरकत करने वाला प्रधानाध्यापक गिरफ्तार। Image Source : PTI/REPRESENTATIVE IMAGE

बलिया: यूपी के बलिया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सिवान कला स्थित एक विद्यालय में प्रधानाध्यापक पर छात्रा के साथ यौनाचार करने के आरोप लगे हैं। इस घिनौनी वारदात की खबर फैलते ही इलाके में भारी तनाव फैल गया और हड़कंप मच गया। ​मिली जानकारी के अनुसार, सिवान कला स्कूल में तैनात आरोपी प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी पिछले काफी समय से मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बना रहा था।

स्कूल के टॉयलेट में की गंदी हरकत

आरोप है कि वह बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने फुसलाकर स्कूल के शौचालय में ले जाता था और वहां उसके साथ गलत हरकत को अंजाम देता था। ​बच्ची की हालत और उसके द्वारा परिजनों को आपबीती बताए जाने के बाद मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। वहीं ​घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

आरोपी गिरफ्तार

क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक गुप्ता ने कहा, "पीड़ित बच्ची की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।" बता दें कि ​एक मासूम बच्ची के साथ हुए इस जघन्य अपराध के बाद से स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाएगा। (इनपुट- अमित कुमार)

यह भी पढ़ें-

उज्जैन: महाकालेश्वर मंदिर परिसर में खुदाई के दौरान मिला विशाल शिवलिंग, दर्शन के लिए उमड़ी भीड़; सामने आया VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।