वृंदावन: बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव सुर्खियों में रहने की कोई न कोई वजह ढूंढ ही लेते हैं। ताजा मामला ये है कि तेज प्रताप, कान्हा की नगरी वृंदावन पहुंचे हैं। उन्होंने एक्स पर अपना एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह बांसुरी बजाते हुए दिख रहे हैं और उनके चारों ओर गोपियां नाच रही हैं।
Related Stories
तेज प्रताप ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, "वृंदावन के पावन धाम में स्थित वंशीवट वह दिव्य स्थान माना जाता है, जहां भगवान श्रीकृष्ण अपनी मधुर बांसुरी बजाते थे। बांसुरी की मोहक धुन सुनकर गोपियां और भक्त उनकी ओर खिंचे चले आते थे। मान्यता है कि यहीं से भगवान श्रीकृष्ण ने प्रेम, भक्ति और दिव्य आनंद का संदेश दिया। आज भी वंशीवट श्रद्धालुओं के लिए आस्था, प्रेम और कृष्ण-भक्ति का पवित्र प्रतीक है।"
वृंदावन में कृष्ण अवतार में नजर आए तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव आज वृंदावन पहुंचे, जहां वे श्री कृष्ण अवतार में नजर आये। पीले रंग की धोती, लाल कुर्ता, सिर पर पारंपरिक मुकुट, और हाथ में बांसुरी लिए तेज प्रताप वंशीवट परिसर में गोपियों के साथ नृत्य करते दिखे। तेज प्रताप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर इसका एक वीडियो भी शेयर किया है।
गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव अक्सर अपने भक्ति से भरे वीडियो शेयर करते रहे हैं। भगवान शिव से लेकर कृष्ण भक्ति तक, तेज प्रताप तमाम मौकों पर भक्ति में रमे हुए दिखे हैं। वह अक्सर मथुरा-वृंदावन की यात्रा करते हैं और कृष्ण भक्ति को उत्सव की तरह मनाते हैं। उनके फॉलोअर्स भी उनके इस अंदाज को पसंद करते हैं।
इससे पहले तेज प्रताप मां विंध्यवासिनी मंदिर के दिव्य धाम पहुंचे थे और उन्होंने मां के दर्शन करते हुए फोटो एक्स हैंडल पर शेयर की थी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके कहा था, "पावन धरती मां विंध्यवासिनी मंदिर के दिव्य धाम में पहुंचकर मन भक्तिभाव से भर गया। माता के चरणों में आराधना, पूजा और अनुष्ठान कर मैंने अपने माता-पिता, भाई-बहनों, पूरे बिहारवासियों और देशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मां से यही विनती की कि सभी लोग प्रेम, भाईचारा और मेल-मिलाप के साथ एकजुट होकर रहें। माता रानी का आशीर्वाद सब पर बना रहे।"