1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ऑनलाइन गेम में हुआ 9 लाख रुपए का कर्ज तो किराएदार ने मकान मालिक के घर की चोरी, पुलिस ने दबोचा

ऑनलाइन गेम में हुआ 9 लाख रुपए का कर्ज तो किराएदार ने मकान मालिक के घर की चोरी, पुलिस ने दबोचा

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 22, 2026 07:12 pm IST,  Updated : Aug 22, 2026 07:24 pm IST

ऑनलाइन गेम में एक शख्स पर 9 लाख रुपए का कर्ज हो गया था। ऐसे में कर्ज चुकाने के लिए उसने मकान मालिक के घर पर चोरी की। हालांकि बाद में वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया।

Ghaziabad- India TV Hindi
पुलिस ने दबोचा Image Source : REPORTER INPUT

गाजियाबाद: गाजियाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के कविनगर थाना पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई करीब 85 ग्राम पीली धातु के आभूषण, करीब 1100 ग्राम सफेद धातु के आभूषण और 65,870 रुपये की नकदी बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑनलाइन एविएटर गेम खेलने का आदी हो गया था और गेम में करीब नौ लाख रुपये का कर्ज होने के बाद उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, 27 जुलाई 2026 को गोविंदपुरम के जे-57 निवासी लल्लू सिंह मौर्य ने कविनगर थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुसा और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

चोरी के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का आरोपी गोविंदपुरम बस अड्डे के पास मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 22 अगस्त 2026 को आरोपी विशाल पुत्र हेमराज सिंह, निवासी जे-57 गोविंदपुरम, थाना कविनगर, मूल निवासी ग्राम आबिदनगर उर्फ धुंधली, थाना स्योहारा, बिजनौर, उम्र करीब 29 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

मकान मालिक के घर को बनाया निशाना

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने मकान मालिक के घर में किराये पर रहता था। उसे जानकारी थी कि मकान मालिक के घर में जेवर और नकदी रखी हुई है। करीब एक महीने पहले उसने मकान मालिक के कमरों के ताले और अलमारी का लॉकर काटकर चोरी की थी। चोरी किए गए सामान में से कुछ पीली धातु के आभूषणों को उसने पिघलाकर उनके टुकड़े बना लिए थे।

आरोपी के मुताबिक, शुरुआत में उसने ऑनलाइन एविएटर गेम खेलकर करीब 15 हजार रुपये जीते। इसके बाद उसे इस गेम की लत लग गई और वह लगातार गेम खेलने लगा। धीरे-धीरे उस पर करीब 9 लाख रुपये का कर्ज हो गया। कर्ज बढ़ने के कारण उसके मन में पहले आत्महत्या करने का विचार आया, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा सका। इसके बाद उसने चोरी करने की योजना बनाई।

आरोपी ने बताया कि उसे पता था कि उसके मकान मालिक कुछ दिनों के लिए बाहर जाने वाले हैं और उनके घर में जेवर तथा नकदी रखी है। इसी का फायदा उठाते हुए उसने 24 जुलाई की रात घर का ताला और अलमारी का लॉकर काटकर जेवर और नकदी चोरी कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी का सामान बेचने के लिए निकला था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद कर ली है। मामले में आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इससे पहले 13 साल के छात्र ने ऑनलाइन गेम में पिता के 14 लाख रुपये गंवा दिए थे और फांसी लगाकर जान दे दी थी। (रिपोर्ट-जुबैर अख्तर)

ये भी पढ़ें-

ऑनलाइन गेमिंग में 13 लाख की ठगी के बाद मासूम ने कर ली थी आत्महत्या, झारखंड से अरेस्ट हुआ आरोपी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।