1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: भदोही में थार का तांडव, कार में टक्कर मारकर घसीटा; सड़क पर कई लोगों को रौंदते हुए फरार

VIDEO: भदोही में थार का तांडव, कार में टक्कर मारकर घसीटा; सड़क पर कई लोगों को रौंदते हुए फरार

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 08, 2025 07:35 pm IST,  Updated : Jun 08, 2025 07:35 pm IST

यूपी के भदोही जिले में थार का तांडव देखने को मिला है। बताया जा रहा है कि मामली विवाद के बाद थार सवार लोगों ने एक कार में टक्कर मारी और उसे कुछ दूर तक घसीटते ले गए। इसके बाद वह सड़क पर अन्य लोगों को टक्कर मारते हुए फरार हो गए।

थार सवार ने सड़क पर मचाया तांडव।- India TV Hindi
थार सवार ने सड़क पर मचाया तांडव। Image Source : INDIA TV

भदोही: जिले के मर्यादपट्टी इलाके में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शनिवार की शाम को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भरत टॉकीज चौराहा के पास काले रंग की थार और सफेद रंग की वेन्यू कार में सवार युवकों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। इस दौरान हाथापाई भी हुई। इसी बीच थार सवार लोगों ने वेन्यू कार में टक्कर मारी और कुछ दूर तक घसीटा भी। इसके बाद सड़क पर मौजूद कई बाइक सवारों को रौंदते हुए थार आगे बढ़ गई। इस घटना में तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वहीं पुलिस की टीम वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है। 

थार सवार ने कई लोगों को मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। घटना के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया और आम लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया। हंगामे के बीच थार सवार युवक गाड़ी लेकर भागने लगे। इसी दौरान थार चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सड़क पर मौजूद तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दो बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि सफेद रंग की वेन्यू कार को भी थार ने घसीटते हुए दूर तक खींच लिया। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग सड़क पर गिर पड़े।

घटना का वीडियो आया सामने

घटना के बाद राहगीरों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ में अफरातफरी का माहौल है और कुछ लोग थार सवार को पकड़कर पीटते नजर आ रहे हैं। पीटने वाले लोग वेन्यू कार सवार बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों और वायरल वीडियो के आधार पर दोनों गाड़ियों और उसमें सवार लोगों की पहचान शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। (इनपुट- शरद रमेश मौर्या)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।