1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: तनिष्क शोरूम में 3.16 करोड़ की चोरी पर बड़ा खुलासा, कर्मचारी ने शादी की झूठी पार्टी में शराब पीलाकर चुराई चाबी

गाजियाबाद: तनिष्क शोरूम में 3.16 करोड़ की चोरी पर बड़ा खुलासा, कर्मचारी ने शादी की झूठी पार्टी में शराब पीलाकर चुराई चाबी

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 16, 2026 05:58 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 05:58 pm IST

कुछ दिनों पहले गाजियाबाद के एक तनिष्क ज्वेलरी शोरूम से करोड़ों रुपए के ज्वेलरी चोरी होने का मामला सामने आया था। इस मामले में अब गाजियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

तनिष्क शोरूम में...- India TV Hindi
तनिष्क शोरूम में ज्वेलरी की चोरी Image Source : REPORTER INPUT

गाजियाबाद के तनिष्क ज्वेलरी शोरूम से कुछ दिनों पहले करोड़ों रुपए के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया था। इसके बाद कविनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी थी। अब इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महज 4 दिनों के अंदर इस केस का पर्दाफाश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी चोरी का मास्टरमाइंड कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि शोरूम का ही एक कर्मचारी नितिन वर्मा है। नितिन ने अपने महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए अपने ही दफ्तर को लूटने की साजिश रची थी। इस साजिश में उसने अपने पिता, एक महिला मित्र और कुछ अन्य दोस्तों को भी शामिल किया था।

शादी की झूठी पार्टी देकर निकाली चाबियां

पुलिस की पूछताछ में इस चोरी को अंजाम देने के लिए आरोपी ने अपने प्लान का खुलासा किया। 11 जून की शाम को नितिन वर्मा ने शोरूम के पूरे स्टाफ को एक पार्टी दी। उसने सबको बताया कि उसकी शादी तय हो गई है और वह इसी खुशी में पार्टी दे रहा है। इस पार्टी के दौरान नितिन का असली निशाना शोरूम का कैशियर गौतम राज था, जिसके पास लॉकर और मुख्य दरवाजे की चाबियां रहती थीं। नितिन ने गौतम को जानबूझकर बहुत ज्यादा शराब पिलाई। जब गौतम होश खो बैठा, तो नितिन उसे घर छोड़ने के बहाने ले गया और रास्ते में धोखे से उसके बैग से शोरूम की चाबियां निकाल ली।

आरोपी ने सुबह के वक्त की चोरी

चाबियां हाथ लगते ही नितिन ने अगली सुबह चोरी को अंजाम दे दिया। 12 जून की सुबह करीब 7:15 बजे, जब शोरूम के आसपास चहल-पहल कम थी, नितिन अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। उसने बड़ी आसानी से शो रूम का ताला खोला, अंदर रखे कीमती सोने के आभूषण समेटकर वहां से फरार हो गया। शोरूम खुलने पर जब चोरी का पता चला, तो आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। शोरूम के अधिकारी रोहित अरोड़ा की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच के लिए 5 स्पेशल टीमों का गठन किया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों का माल हुआ बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने चिरंजीव विहार के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में मास्टरमाइंड नितिन वर्मा, उसके पिता संजय वर्मा और उसकी महिला मित्र काजल शामिल हैं, जो मोदीनगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से करीब 2 किलो सोना और 6.5 लाख रुपये कैश बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये है। इसके अलावा इनके पास से एक तमंचा और कारतूस भी मिले हैं। गाजियाबाद के डीसीपी सिटी जोन धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस अब इनके फरार साथियों की तलाश कर रही है।

इनपुट: ज़ुबैर अख्तर

यह भी पढ़ें

सैल्यूट नहीं किया तो पुलिस को धमकाने लगा फर्जी IPS अधिकारी, 40 रुपये के लिए खुल गई पोल; जाना पड़ा हवालात

मिर्जापुर में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, तीन गिरफ्तार

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।