1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रयागराज में बंद कमरे से 4 शव बरामद, मां-बाप और बेटी की हत्या; जांच में जुटी पुलिस

प्रयागराज में बंद कमरे से 4 शव बरामद, मां-बाप और बेटी की हत्या; जांच में जुटी पुलिस

 Reported By: Imran Laeek, Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 02, 2026 06:46 pm IST,  Updated : Jun 02, 2026 08:14 pm IST

प्रयागराज में एक मकान से 4 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। बदबू आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ताला तोड़ा तो अंदर 4 शव मिले।

बंद कमरे में मिले तीन शव।- India TV Hindi
बंद कमरे में मिले तीन शव। Image Source : REPORTER INPUT

प्रयागराज: शहर के साउथ मलाका इलाके से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक घर के अंदर से 4 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। यहां बंद कमरे में पिता-पुत्री और मां की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर का दरवाजा बाहर से बंद था। कमरे से बदबू आने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। 4 लाश बरामद की गई। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। हालांकि इसे हत्या का मामला माना जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बदबू आने पर पुलिस को दी सूचना

दरअसल, प्रयागराज के कोतवाली के साउथ मलाका चौराहे पर 4 लोगों का शव उनके घर में मिला है। जानकारी के मुताबिक लाशें कई दिन पुरानी बताई जा रही हैं। मंगलवार को दोपहर में जब शवों से दुर्गंध उठने लगी तो आस-पास के लोगों को कुछ शक हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को बुलाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़ा। पुलिस ने देखा तो कमरे में वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी और उनकी बेटी मीनाक्षी की लाश अलग-अलग पड़ी मिली। तीनों के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। फिलहाल फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट सहित कई क्लू जुटाये हैं।

जानकारी के मुताबिक साउथ मलाका के मुख्य चौराहे पर तीन मंजिला मकान मौजूद है। इसमें नीचे अलग-अलग दुकानें बनी हैं, जबकि ऊपर लोग रहते हैं। आस-पास के लोगों के मुताबिक कई दिनों से इस घर से कोई बाहर नहीं निकला था और आज जब बदबू आने लगी तब शक हुआ। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही साफ होगा कि इनको कैसे मारा गया। पुलिस इनके परिवार में प्रॉपर्टी को लेकर चल रहे विवाद का भी पता लगा रही है।

यह भी पढ़ें-

आरोपी को लेकर जा रही पुलिस की गाड़ी पर गिरा पीपल का पेड़, सामने आया CCTV फुटेज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।