1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'बाइक, बैग और पर्स' सड़क किनारे रखकर कानपुर निकल गया शख्स, पुलिस ने खोज कर किया गिरफ्तार; जानें वजह

'बाइक, बैग और पर्स' सड़क किनारे रखकर कानपुर निकल गया शख्स, पुलिस ने खोज कर किया गिरफ्तार; जानें वजह

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jan 21, 2025 06:59 am IST,  Updated : Jan 21, 2025 06:59 am IST

यूपी के मथुरा जिले से पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। इस शख्स ने कई लोगों से कर्ज लिया हुआ था। कर्ज न चुका पाने की स्थिति में इसने खुद के किडनैप होने का नाटक रचा और अपने घर से फरार हो गया।

खुद के किडनैपिंग की शाजिस रचने वाला गिरफ्तार।- India TV Hindi
खुद के किडनैपिंग की शाजिस रचने वाला गिरफ्तार। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

बस्ती: जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानने के बाद आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां एक व्यक्ति ने कर्ज से बचने के लिए खुद के अपहरण का नाटक रचा। नाटक रचने के लिए उसने अपनी बाइक, बैग और पर्स सड़क किनारे रख दिया। इसके बाद वह बस में बैठकर कानपुर चला गया। वहीं परिजनों ने जब गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई तो पुलिस इसकी तलाश में जुट गई। हालांकि पुलिस ने शख्स को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है। 

50 लाख का था कर्ज

पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) सत्येंद्र भूषण ने बताया कि राजकुमार चौधरी (32) इसी महीने 15 जनवरी को कथित रूप से लापता हो गया था। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट सम्बन्धित थाने में दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा, "18 जनवरी को जांच के दौरान राजकुमार चौधरी मथुरा में मिला। उसने कुबूल किया कि उस पर कई व्यक्तियों का लगभग 50 लाख रुपये का कर्ज था। कर्ज न चुका पाने पर उसने अपने अपहरण की साजिश रची थी।’’ 

बाइक, बैग और पर्स को सड़क किनारे छोड़ा

पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) सत्येंद्र भूषण ने बताया कि उसने सबदेइया कलां मे अपनी बाइक, काला बैग और पर्स सड़क किनारे छोड़ दिया। इसके बाद कानपुर जाने के लिए बस में सवार हुआ। उसने प्रयागराज और फिर मथुरा के लिए ट्रेन पकड़ी। राजकुमार चौधरी ने जिन लोगों से कर्ज लिया था उनमें से एक ने बाद में पुरानी बस्ती थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता उमेश कुमार निषाद ने राजकुमार चौधरी पर धन का गबन करने का आरोप लगाया। 

कई लोगों से लिया था उधार

पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि राजकुमार चौधरी ने कई लोगों से बड़ी रकम उधार ली थी, जिसमें उमेश कुमार निषाद से 15 लाख रुपये, सर्वेश से 11.5 लाख रुपये, यश चौधरी से चार लाख रुपये, अमन चौधरी से तीन लाख रुपये, जगदीश चौधरी से दो लाख रुपये और इंद्रासन से लिये गये 52 हजार रुपये शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

'राहुल गांधी के कारण गिरी दूध की बाल्टी', बिहार के शख्स ने नेता पर किया केस

भतीजी से किया दुष्कर्म, पीड़िता हुई गर्भवती तो मामले का हुआ खुलासा, कोर्ट ने दोषी को सुनाई 20 साल कैद की सजा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।