1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद में नेशनल हाईवे पर तहसीलदार की सरकारी गाड़ी से स्टंटबाजी, पुलिस ने काटा चालान, VIDEO वायरल

गाजियाबाद में नेशनल हाईवे पर तहसीलदार की सरकारी गाड़ी से स्टंटबाजी, पुलिस ने काटा चालान, VIDEO वायरल

 Published : Sep 04, 2024 05:54 pm IST,  Updated : Sep 04, 2024 06:24 pm IST

गाजियाबाद में सरकारी गाड़ी से स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। गाड़ी पर मजिस्ट्रेट लिखा हुआ है। गाड़ी के ऊपर लाल-नीले रंग की फ्लेसर लाइट लगी हुई है, जो अफसरों की गाड़ी पर लगी होती है। गाड़ी के बाएं तरफ एक लड़का खिड़की से लटककर स्टंटबाजी कर रहा है।

तहसीलदार की गाड़ी से स्टंटबाजी- India TV Hindi
तहसीलदार की गाड़ी से स्टंटबाजी Image Source : INDIA TV

गाजियाबादः दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में स्टंट करने वाले युवकों ने तहसीलदार को भी नहीं छोड़ा। गाजियाबाद में नेशनल हाईवे पर तहसीलदार सदर की गाड़ी से दो युवकों ने स्टंटबाजी की। गाड़ी पर मजिस्ट्रेट लिखा था और लाल बत्ती के साथ हूटर भी लगा था। स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस संबंध में पुलिस ने गाड़ी का 25 हजार रुपये का चालान कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी है।

मजिस्ट्रेट लिखी बोलेरो गाड़ी से स्टंटबाजी 

जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे पर मजिस्ट्रेट लिखी बोलेरो गाड़ी से स्टंटबाजी की गई। गाड़ी का हूटर बजाते हुए एक लड़का खिड़की से लटक गया। उसने इसका वीडियो भी बनवाया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। यह वीडियो रात के वक्त नेशनल हाईवे-9 पर विजयनगर थाना क्षेत्र में बनाया गया है। इस वीडियो में एक सफेद रंग की बोलरो गाड़ी तेज रफ्तार से दौड़ रही है।

दो आरोपी हिरासत में लिए गए

इस गाड़ी पर मजिस्ट्रेट लिखा हुआ है। गाड़ी के ऊपर लाल-नीले रंग की फ्लेसर लाइट लगी हुई है, जो अफसरों की गाड़ी पर लगी होती है। गाड़ी के बाएं तरफ एक लड़का खिड़की से लटककर स्टंटबाजी कर रहा है। इस बोलेरो के आगे एक और गाड़ी चल रही है, जिसमें बैठा युवक रील बना रहा है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन में आई। पुलिस ने नंबर प्लेट के आधार पर गाड़ी को ट्रेस कर दो युवकों को हिरासत में लिया है।

तहसीलदार सदर की सरकारी गाड़ी का कटा चालान

इस मामले में पुलिस का कहना है कि इस गाड़ी का ट्रैफिक पुलिस द्वारा नंबर के आधार पर तुरंत ही 25 हजार रुपये का चालान किया गया। इसके बाद छानबीन की गई तो पाया गया कि यह जीडीए की सरकारी गाड़ी है जो इस समय तहसील सदर से संबद्ध है। इस गाड़ी से तहसीलदार सदर गाजियाबाद ड्यूटी कर रहे हैं।

यह गाड़ी तहसीलदार का ड्राइवर संजय अपने घर ले गया था। जहां से इस गाड़ी को उसका बेटा अपने एक दोस्त के साथ लेकर चला गया था। उनके द्वारा ही ये लापरवाहीपूर्वक कार्य किया गया है। दोनो को  हिरासत में ले लिया गया है। डीसीपी ने कहा कि इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

रिपोर्ट- जुबेर अख्तर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।