1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP ATS को बड़ी कामयाबी! पाकिस्तानी गैंगस्टर और ISI के लिए काम करने वाले 2 संदिग्धों को पकड़ा

UP ATS को बड़ी कामयाबी! पाकिस्तानी गैंगस्टर और ISI के लिए काम करने वाले 2 संदिग्धों को पकड़ा

 Reported By: Vishal Singh, Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Apr 23, 2026 09:57 pm IST,  Updated : Apr 23, 2026 10:14 pm IST

UP ATS ने दो ऐसे संदिग्धों को पकड़ा है, जिन्हें ISI के इशारे पर पाकिस्तानी हैंडलर ने संवेदनशील जगहों की रेकी करने, टारगेटेड लोगों पर हमले करने और Tehrik-e-Taliban Hindustan के नाम से प्रचार का काम सौंपा था।

UP ATS ने दो संदिग्धों को...- India TV Hindi
UP ATS ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। Image Source : ANI (प्रतीकात्मक फोटो)

UP ATS Arrest: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वॉड यानी ATS ने एक बड़ा एक्शन लेते हुए 2 ऐसे आरोपियों को अरेस्ट किया है, जो कथित रूप से पाकिस्तान के गैंगस्टर्स शहजाद भट्टी और खुफिया एजेंसी ISI के कहने पर भारत में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बागपत के रहने वाले तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान और दिल्ली निवासी समीर खान के तौर पर हुई है।

सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को बरगलाया

ATS को जानकारी मिली थी कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, खासकर इंस्टाग्राम के माध्यम से भारतीय युवाओं को निशाना बनाकर उन्हें कट्टरपंथ की तरफ धकेला जा रहा है और भारत में स्लीपर सेल को तैयार किया जा रहा है। फिर पड़ताल में सामने आया कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट, ISI के इशारे पर भारतीय युवाओं को बरगला रहे हैं। उन्हें लालच और ब्रेनवॉश के माध्यम से आतंकवादी गतिविधियों के लिए उकसा रहे थे।

उकसाने के लिए दिया पैसे और विदेश भेजने का लालच

ATS की टीम ने इस खबर पर एक्शन लेते हुए आज (23 अप्रैल को) नोएडा से दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। उनके पास से ATS एक पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तुषार उर्फ हिजबुल्ला अली खान सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर्स के संपर्क में आया था। वहां से उसको टारगेटेड लोगों पर अटैक करने, यहां तक कि ग्रेनेड फेंकने के निर्देश मिले थे। इसके एवज में उसे लाखों रुपये और विदेश भेजने का लालच पाकिस्तानियों ने दिया था।

Tehrik-e-Taliban Hindustan के प्रचार की तैयारी

वहीं, समीर खान को पाकिस्तानी हैंडलर ने Tehrik-e-Taliban Hindustan के नाम से प्रचार-प्रसार करने और दूसरे युवाओं को जोड़ने का काम दिया गया था। ये दोनों आरोपी मिलकर संवेदनशील जगहों की रेकी कर रहे थे और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। ATS अब इन दोनों के दूसरे साथियों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों को खोज रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।