1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर के रेड और यलो जोन में पटाखों पर लगा बैन, प्रशासन ने जारी किया आदेश

यूपी: मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर के रेड और यलो जोन में पटाखों पर लगा बैन, प्रशासन ने जारी किया आदेश

 Published : Nov 05, 2023 02:43 pm IST,  Updated : Nov 05, 2023 02:53 pm IST

श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर और शाही ईदगाह के आस-पास के ‘रेड जोन’ और ‘यलो जोन’ में पटाखों पर पूरी तरह से बैन है। यानी यहां पर बिक्री, भंडारण और इनके फोड़ने को लेकर सख्त मनाही की गई है।

firecrackers- India TV Hindi
पटाखों पर बैन Image Source : FILE

मथुरा: दीपावली से पहले ही मथुरा जिला प्रशासन ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर और शाही ईदगाह के आस-पास के ‘रेड जोन’ और ‘यलो जोन’ में पटाखों की बिक्री, भंडारण और इनके फोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। दोनों धार्मिक स्थल 13.37 एकड़ में फैले ‘रेड जोन’ में हैं, जबकि इसके बाहर 20 एकड़ का क्षेत्र ‘येलो जोन’ है, जिसके अंतर्गत गोविंदनगर और जगन्नाथपुरी जैसे इलाके शामिल हैं। 

सुरक्षा की वजह से उठाया गया कदम

शहर के बाकी हिस्से को ‘ग्रीन जोन’ के रूप में चिह्नित किया गया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दीपावली पर्व पर सुरक्षा के लिहाज से यह कदम उठाया गया है। नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय की ओर से बताया गया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही ईदगाह की सुरक्षा एवं संवेदनशीलता को देखते हुए गत वर्ष की भांति इस साल भी दीपावली के अवसर पर ‘रेड जोन’ और ‘यलो जोन’ में पटाखों की दुकान खोलने की इजाजत नहीं होगी। यह आदेश तुरंत प्रभाव से दीपावली के बाद तक लागू रहेगा।

कब है दीपावली?

हिंदू धर्म में दीपावली के त्यौहार का विशेष महत्व है। इस दिन हर घर में दीपक जलाए जाते हैं और माता लक्ष्मी के साथ गणेश जी की विधिवत पूजा की जाती है। दीपावली की तैयारी महीनों पहले शुरू हो जाती है, जिसमें लोग अपने घर की साफ-सफाई से लेकर रंग-रोगन करते हैं। 

कहते हैं कि दीपावली के दिन माता लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करने के लिए आती हैं। ऐसे में मां लक्ष्मी को आकर्षित करने के लिए लोग अपने घर को सजाने और पूजा-पाठ में किसी तरह की कमी नहीं रहने देते हैं। धन की देवी माता लक्ष्मी के कदम जिस भी आंगन में पड़ते हैं उस घर में सदैव धन,सौभाग्य और सुख-समृद्धि की वर्षा होती है। 

इस बार दीपावली का पर्व 12 नवबंर, 2023 को  मनाया जाएगा। हर साल कार्तिक मास की अमावस्या तिथि को ही दीपों का त्यौहार दीपावली मनाई जाती है। अमावस्या तिथि 12 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 44 मिनट से शुरू होगी और इसका समापन 13 नवंबर 2023 को 2 बजकर 56 मिनट पर होगा। ऐसे में दीपावली पर्व की सही तिथि 12 नवंबर 2023 है। (इनपुट: भाषा से भी)

ये भी पढ़ें: 

यूपी: किशोरी के सुसाइड मामले में योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई, आरोपी जोहिद अख्तर की दुकान पर चला बुलडोजर

राजस्थान विधानसभा चुनाव: BJP ने 15 कैंडीडेट्स की 5वीं लिस्ट जारी की, जानें किसे कहां से मिला टिकट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।