1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, पुलिस पूछताछ में हुआ साजिश का हुआ खुलासा

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, पुलिस पूछताछ में हुआ साजिश का हुआ खुलासा

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Sep 19, 2026 10:03 am IST,  Updated : Sep 19, 2026 10:03 am IST

बरेली में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसमें एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। इस पूरा साजिश का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने मृतक व्यक्ति की पत्नी को हिरासत में लिया।

Accused in police custody- India TV Hindi
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसमें थाना भुता इलाके के ग्राम फैजनगर में 42 साल के आदमी की हत्या का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, पप्पू की हत्या उसकी पत्नी नरगिस ने गांव के ही रहने वाले राजा उर्फ रियाज के साथ मिलकर की। 10 सितंबर की रात पप्पू ने राजा को अपनी पत्नी से मिलने के दौरान देख लिया था। इसके बाद विवाद हुआ और अगले दिन दोनों ने मिलकर पप्पू की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि फैजनगर का रहने वाला पप्पू 11 सितंबर की रात अचानक लापता हो गया था। कई दिन तक उसका पता नहीं चला। 15 सितंबर को पत्नी नरगिस ने थाना भुता पहुंचकर पति की गुमशुदगी दर्ज कराई। अगले दिन उसने पुलिस के सामने अपने परिचित राजा पर पति की हत्या करने का शक जताया था।

राजा से पूछताछ के बाद पुलिस को पत्नी की भूमिका पर हुआ शक

बरेली में हुई इस घटना को लेकर पुलिस ने शक के आधार पर राजा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में मिली जानकारियों के बाद पत्नी नरगिस की भूमिका भी संदिग्ध लगी। इसके बाद उससे भी पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि दोनों से पूछताछ के दौरान हत्या से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई। 11 सितंबर की रात पप्पू की हत्या की गई थी। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान नरगिस ने पप्पू के पैर पकड़े जबकि राजा ने प्लास्टिक की रस्सी से उसका गला दबा दिया। मौत के बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाकर मामले को छिपाने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले की छानबीन की इसके बाद पुलिस दोनों को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। उनकी निशानदेही पर एक ईंट भट्ठे के पास झाड़ियों से बोरे में बंद पप्पू का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि होने की उम्मीद है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

पत्नी ने लिखाई थी पति की गुमशुदगी

इस सनसनीखेज घटना को लेकर एसपी ने बताया ​कि 15 सितंबर को नरगिस नाम की एक महिला ने थाना भुता पर अपने पति पप्पू की गुमशुदगी के संबंध में सूचना दर्ज कराई थी। अगले दिन नरगिस द्वारा यह प्रार्थना पत्र दिया गया कि उसको यह शक है कि रियाज उर्फ राजा नाम के व्यक्ति ने उसके पति पप्पू की हत्या करके शव को ठिकाने लगा दिया है। ​इस संबंध में पुलिस टीम द्वारा गहनता से जांच-पड़ताल की गई तो यह ज्ञात हुआ कि नरगिस और रियाज के बीच में पिछले 4 सालों से प्रेम संबंध चल रहा था, जिसके संबंध में 10 सितंबर को पप्पू द्वारा आपत्ति जताई गई थी और 11 सितंबर को नरगिस और रियाज ने यह योजना बनाई कि पप्पू की हत्या कर दी जाए और दोनों ने 11 को ही हत्या करते हुए शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया और इस संबंध में थाना भुता पर मुकदमा अपराध संख्या 428/24 पंजीकृत है। अभियुक्तों की निशानदेही पर उस शव को बरामद किया गया है एवं पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेजा गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है और इस संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

(रिपोर्ट - विकास साहनी)

ये भी पढ़ें

जीजा के प्यार में मदहोश हुई साली को मिली आजीवन कारावास की सजा, बड़ी बहन को उतारा था मौत के घाट

शादी के 14 दिन बाद पति को छोड़ मायके पहुंची दुल्हन, बोली- ''बॉयफ्रेंड को नहीं छोड़ सकती''

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।