1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. "यही जुनून, यही ख्वाब मेरा है", बजट भाषण में वित्त मंत्री का शायराना अंदाज, CM योगी की तारीफ की

"यही जुनून, यही ख्वाब मेरा है", बजट भाषण में वित्त मंत्री का शायराना अंदाज, CM योगी की तारीफ की

 Reported By: Ruchi Kumar, Edited By: Niraj Kumar
 Published : Feb 11, 2026 01:05 pm IST,  Updated : Feb 11, 2026 01:23 pm IST

वित्त मत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बजट भाषण देते हुए मुख्यमंत्री योगी की शायराना अंदाज में तारीफ की। उन्होंने कहा-"यही जुनून, यही ख्वाब मेरा है, दिया जला के रोशनी कर दूं जहां अंधेरा है।"

सीएम योगी और सुरेश खन्ना- India TV Hindi
सीएम योगी और सुरेश खन्ना Image Source : PTI

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना शायराना अंदाज में नजर आए। उन्होंने बजट भाषण के दौरान सीएम योगी की तारीफ करते हुए शायरी पढ़ी। उनकी इस शायरी पर सदन के अंदर का माहौल बदल गया। सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा-"यही जुनून, यही ख्वाब मेरा है, दिया जला के रोशनी कर दूं जहां अंधेरा है।"

'गा रहा है गीत यूपी..'

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने बजट भाषण में जहां सरकार की विभिन्न लोकप्रिय योजनाओं के बारे में बताया वहीं एक और शायरी का जिक्र किया। उन्होंने कहा-सितारा बन के आसमां में वहीं चमकते हैं, डुबो देते हैं जो अपने आपको पसीने में। सीएम योगी की तारीफ में उन्होंने कहा-" काबिले तारीफ है, अंदाज एक-एक काम का, गा रहा है गीत यूपी, योगी जी के नाम का।

9. 13 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया

बता दें कि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 9. 13 लाख करोड़ रुपये का बजट बुधवार को पेश किया जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में करीब 12.2 प्रतिशत अधिक है। सदन के समक्ष बजट पेश करते हुए खन्ना ने कहा कि राज्य सरकार राजकोषीय प्रबंधन एवं ऋण नियंत्रण के लिए हमेशा पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इसे राज्य में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की 18वीं विधानसभा का आखिरी पूर्ण बजट माना जा रहा है। इस बजट में सरकार ने रोजगार, अवस्थापना विकास और चिकित्सा स्वास्थ्य समेत विभिन्न मदों को खास तवज्जो दी है।

प्रति व्यक्ति आय दोगुनी से ज्यादा

वित्त मंत्री ने बताया कि प्रति व्यक्ति आय अब 1,09,844 रुपये हो गई है जो 2016 -17 की तुलना में दोगुनी से ज्यादा है। सरकार का लक्ष्य है कि 2025-26 तक इसे 1,20,000 रुपये तक पहुंचाया जाए। प्रदेश की जीएसडीपी में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। बेरोजगारी की दर घटकर केवल 2.24 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि अब देश का सबसे बड़ा मोबाइल फोन मैन्यूफैक्चरिंग सेंटर बन चुका है।

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।