1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सपा की सरकार बनते ही यूपी के बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की ओर होगा- अखिलेश यादव

सपा की सरकार बनते ही यूपी के बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की ओर होगा- अखिलेश यादव

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Sep 04, 2024 08:16 am IST,  Updated : Sep 04, 2024 08:36 am IST

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। सपा की सरकार बनते ही बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की ओर होगा।

अखिलेश ने की बुलडोजर गोरखपुर भेजने की बात। - India TV Hindi
अखिलेश ने की बुलडोजर गोरखपुर भेजने की बात। Image Source : PTI

लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में मिली बढ़त के बाद से ही समाजवादी पार्टी के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अब मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया हो जाएगा। हालांकि, अखिलेश ने गोरखपुर को लेकर कुछ ऐसा कह दिया है जिसपर बवाल भी मच सकता है। अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही पूरे प्रदेश के बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की तरफ होगा।

2027 में बनेगी समाजवादी सरकार- अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होगा और देश की राजनीति उसके चुनावी परिणाम से प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में निर्दोष लोगों को सताया जा रहा हैं। किसान परेशान है। नौजवानों का भविष्य अंधकारमय है। समाज का हर वर्ग परेशान, बदहाल है। इसके बाद अखिलेश ने कहा कि 2027 में समाजवादी सरकार बनते ही पूरे प्रदेश के बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की तरफ होगा।

भाजपा की सरकार में यूपी पिछड़ा- अखिलेश यादव

लखनऊ में डॉ0 राम मनोहर लोहिया सभागार में सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वह 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार को बेदखल कर सत्ता में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार में प्रदेश हर स्तर पर पिछड़ता चला गया है। विकास पूरी तरह अवरूद्ध है। जनता महंगाई, भ्रष्टाचार से त्रस्त है।

संविधान और आरक्षण के मुद्दे को और धार- अखिलेश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान और आरक्षण के मुद्दे को और धार देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए जातीय जनगणना का होना आवश्यक है और समाजवादी पार्टी इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर ही जनता को तमाम समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। 

ये भी पढ़ें- योगी सरकार ने मुलायम सिंह की बहू अपर्णा यादव को महिला आयोग में सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, देखें सभी सदस्यों की पूरी लिस्ट

यूपी: सरकारी कर्मचारियों को योगी सरकार ने दी बड़ी राहत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।