1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. खिलौने वाले राफेल पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने लटकाया नींबू-मिर्च, सरकार से पूछा- आतंकियों पर कब करेंगे कार्रवाई?

खिलौने वाले राफेल पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने लटकाया नींबू-मिर्च, सरकार से पूछा- आतंकियों पर कब करेंगे कार्रवाई?

 Published : May 04, 2025 07:13 pm IST,  Updated : May 04, 2025 07:59 pm IST

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के हाथ में जो खिलौना दिख रहा है, उस पर राफेल लिखा हुआ है। साथ ही उसमें नींबू और मिर्च को भी लटकाया गया है। आतंकी हमले पर जवाबी कार्रवाई को लेकर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से सवाल भी पूछा है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय- India TV Hindi
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय Image Source : ANI

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने एक 'खिलौना विमान' दिखाया, जिस पर राफेल लिखा हुआ है। इस खिलौने वाले राफेल पर नींबू और मिर्च भी लटकी हुई है। इस वीडियो के साथ ही उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।

अजय राय ने सरकार से पूछा ये सवाल?

अजय राय ने कहा, 'देश में आतंकवादी गतिविधियां बढ़ गई हैं और इससे पूरा देश परेशान है। पहलगाम आतंकी हमले में हमारे नौजवानों की जान चली गई लेकिन यह सरकार जो बहुत बातें करती है, कहती है कि आतंकवादियों को मिट्टी में मिला देंगे। आज आप राफेल लेकर आए हैं लेकिन उसे नींबू-मिर्च बांधकर खड़ा किया हुआ है। वे आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ कब कार्रवाई करेंगे।

बालाकोट के दौरान भी उठाए थे सवाल- शाइना एनसी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पर शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी और अजय राय मीडिया का ध्यान खींचने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। बालाकोट के दौरान भी उन्होंने सवाल उठाए थे। जब पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार उन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी, तभी वे चुप हो पाएंगे। जब तक वे खिलौनों से खेलते रहेंगे, हम अपना काम करते रहेंगे।'

राहुल गांधी के इशारों पर किया जा रहा ऐसा- पूनावाला

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के बयान पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, 'राफेल के 'खिलौना विमान' के साथ कांग्रेस पार्टी भारत के सशस्त्र बलों के मनोबल के साथ खिलवाड़ कर रही है। यह राहुल गांधी के इशारे पर किया जा रहा है। अजय राय राहुल गांधी के सबसे करीबी नेताओं में से एक माने जाते हैं।'

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।