फर्रुखाबाद: यूपी के फर्रुखाबाद जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के चर्चित माफिया अनुपम दुबे को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अनुपम दुबे को ये सजा PWD ठेकेदार शमीम की हत्या के मामले में सुनाई गई है। अनुपम दुबे के साथ बालकृष्ण उर्फ शिशु को भी आजीवन कारावास की सजा मिली है।
क्या है पूरा मामला?
साल 1995 में पीडब्ल्यूडी ठेकेदार शमीम की फतेहगढ़ में हत्या कर दी गई थी। इसी मामले में अनुपम दुबे और बालकृष्ण उर्फ शिशु को ईसी एक्ट कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके अलावा दोषियों पर 1 लाख 3 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है।
मथुरा जेल से फतेहगढ़ न्यायालय लाया गया था
माफिया अनुपम दुबे को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मथुरा जेल से फतेहगढ़ न्यायालय में लाया गया था। इस दौरान फतेहगढ़ कचहरी परिसर में सीओ सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। बता दें कि एक साल पहले भी माफिया अनुपम दुबे को कानपुर कोर्ट ने भी आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
करोड़ों के आलीशान होटल पर योगी सरकार चलवा चुकी है बुलडोजर
अक्टूबर 2023 में अनुपम दुबे के ठंडी सड़क स्थित होटल 'गुरु शरणम पैलेस' को बुलडोजर के जरिए गिरा दिया गया था। माफिया के खिलाफ योगी सरकार की इस कार्रवाई की काफी चर्चा हुई थी। इस होटल की कीमत करोड़ों में थी, जिसे प्रशासन ने गिराकर जमींदोज कर दिया था।
कौन है अनुपम दुबे?
अनुपम दुबे यूपी के फर्रुखाबाद जिले में एक चर्चित नाम है। उसके पास करोड़ों की संपत्ति है और वह एक माफिया के रूप में पहचाना जाता है। हालांकि उसके परिचित लोग उसे एक दबंग व्यापारी कहते हैं लेकिन उसके खिलाफ गैंगस्टर, हत्या, रंगदारी समेत करीब 4 दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आती है। वह विधायक का चुनाव भी लड़ चुका है और स्थानीय लेवल पर उसका काफी वर्चस्व रहा है।
अनुपम दुबे के भाई भी तमाम आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। इन्हें फतेहगढ़ एरिया में लोग 'डी कंपनी' के नाम से जानते हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर इस कंपनी को लेकर कोई जानकारी नहीं है। दुबे परिवार पर हो रही कार्रवाई से सरकार का संदेश साफ है कि अवैध कामों में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। (इनपुट: सुरजीत कुशवाहा)
देखें VIDEO-


