1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ट्रक में फंसा युवती का बैग, 20 मीटर तक घिसटती रही स्कूटी; इलाज के दौरान हुई मौत

ट्रक में फंसा युवती का बैग, 20 मीटर तक घिसटती रही स्कूटी; इलाज के दौरान हुई मौत

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 08, 2026 06:53 pm IST,  Updated : Aug 08, 2026 06:53 pm IST

कानपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 साल की युवती की मौत हो गई, जबकि उसके साथ जा रहा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूटी सवार युवती का बैग ट्रक में फंस जाने से उसका संतुलन बिगड़ गया जिसके बाद वह करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई।

Kanpur Road Accident- India TV Hindi
कानपुर रोड एक्सीडेंट Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में चकेरी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 25 साल की युवती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ स्कूटी पर जा रहा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक में युवती का बैग फंस गया। बैग के ट्रक में फंसते ही स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिरकर करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए। घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर रुकने के बजाय कुछ दूर स्थित पेट्रोल पंप पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

देहली सुजानपुर इलाके में हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार चकेरी निवासी रामबाबू चौरसिया प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उनके परिवार में चार बेटे और एक बेटी है। उनकी बेटी नेहा रावतपुर स्थित एक पैथोलॉजी सेंटर में नौकरी करती थी। 7 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे नेहा अपने सहकर्मी आशीष के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। स्कूटी आशीष चला रहा था, जबकि नेहा पीछे बैठी हुई थी। दोनों देहली सुजानपुर पुलिस चौकी के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि ट्रक के गुजरते समय नेहा का बैग उसमें फंस गया। बैग खिंचने के कारण स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद वे ट्रक के साथ करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद सूचना मिलते ही चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस और परिवार के लोगों ने तत्काल घायल नेहा और आशीष को कोयला नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू किया, लेकिन नेहा की हालत बेहद गंभीर थी। कई घंटे इलाज चलने के बाद रात करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई। वहीं, आशीष की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।

पेट्रोल पंप पर ट्रक छोड़कर भागा चालक

हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से भाग निकला। पुलिस के अनुसार, चालक कोयला नगर स्थित एक पेट्रोल पंप पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी है। चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 8 अगस्त को नेहा के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। बेटी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों, ट्रक चालक की लापरवाही और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।

(रिपोर्ट - अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

5 रुपये की टॉफी खाने पर तालिबानी सजा, मां ने गर्म चाकू से दागे बेटे के पैर; दरवाजा बंद करके चली गई पार्टी करने

बलिया में शादी के बाद गायब हुआ पति, सास-ससुर ने संपत्ति से किया बेदखल, रो-रोकर मदद मांग रही पत्नी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।